

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Asmita's bicycle ran in Bhilai on World Cycling Day
भिलाई। विश्व साइकिलिंग दिवस के अवसर पर भिलाई के रिसाली क्षेत्र में खेलो इंडिया अस्मिता महिला साइकिलिंग सिटी लीग का भव्य आयोजन किया गया। खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं Cycling Federation of India के निर्देशन में Cycling Association of Chhattisgarh के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले की करीब 150 बालिका खिलाड़ियों और साइकिलिंग प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

महिला सशक्तिकरण, फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने निर्धारित साइकिलिंग रूट पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के बाद विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान दुर्ग संभाग साइक्लिंग संघ के उपाध्यक्ष Parvinder Singh ने कहा कि अस्मिता लीग और विश्व साइकिलिंग दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान के तहत लोगों को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए निकालना चाहिए। नियमित साइकिलिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखती है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में साइकिलिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं और बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है।
वहीं, छत्तीसगढ़ साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव Vinayak Chinnavar ने बताया कि अस्मिता लीग देशभर में आयोजित की जा रही है और छत्तीसगढ़ को भी इसके आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। राज्य में कुल सात अस्मिता लीग आयोजित की जा रही हैं, जिनमें खैरागढ़, रायगढ़ और भिलाई प्रमुख केंद्र हैं।

उन्होंने कहा कि साइक्लिंग एसोसिएशन द्वारा नियमित रूप से संडे साइक्लिंग अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके अब तक 45 संस्करण पूरे हो चुके हैं। लगातार बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि लोग फिटनेस और साइकिलिंग के प्रति तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।
महासचिव ने बताया कि आने वाले दिनों में भी साइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। 20 जून को भिलाई में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है, जिसकी औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। आयोजन ने न केवल महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि फिट इंडिया और महिला सशक्तिकरण के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।