

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Mahak Narwase named vice-captain of the Indian Under-19 women's team for the Sri Lanka tour; Chief Minister Vishnu Deo Sai felicitates her.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शनिवार को उनका सम्मान कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में महक नरवासे ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने महक को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महक नरवासे की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने महक को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महक का भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान के रूप में चयन प्रदेश में विकसित हो रहे खेल वातावरण और खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
सम्मान समारोह के दौरान महक नरवासे ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर महक के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।