

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Constable recruitment process completes in Bastar range, 1,592 candidates selected; 464 women also successful
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की स्वीकृति एवं पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा वर्ष 2023–24 की आरक्षक भर्ती के लिए जारी विज्ञापन (04 अक्टूबर 2023) के आधार पर बस्तर रेंज में आयोजित भर्ती प्रक्रिया अब पूर्ण हो गई है। विस्तृत परीक्षण और चयन कार्यवाही के बाद पुलिस महानिरीक्षक (IG) बस्तर रेंज, जगदलपुर ने आज चयनित तथा प्रतीक्षा सूची जारी कर दी।
दो समितियों ने संभाली पूरी चयन प्रक्रिया
आरक्षक भर्ती को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न करने के लिए बस्तर रेंज में दो भर्ती समितियाँ गठित की गई थीं।
भर्ती केंद्र-1 (जगदलपुर): सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा
समिति अध्यक्ष: एसपी बस्तर, शलभ सिन्हा
भर्ती केंद्र-2 (कोंडागांव): नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर
समिति अध्यक्ष: एसपी कोंडागांव, पंकज चन्द्रा
इन्हीं समितियों ने अपने-अपने जिलों के लिए संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया का संचालन किया।
शारीरिक परीक्षा और दस्तावेज़ सत्यापन
भर्ती का प्रथम चरण 16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक चला। केंद्र-1 की परीक्षाएँ 05वीं वाहिनी छसबल, कंगोली (जगदलपुर) में केंद्र-2 की परीक्षाएँ पुलिस लाइन कोंडागांव में कराई गईं। अभ्यर्थियों के दस्तावेज़ों का सत्यापन, शारीरिक माप-तौल और शारीरिक दक्षता परीक्षा इसी दौरान संपन्न हुई।
लिखित परीक्षा और ट्रेड टेस्ट
प्रथम चरण में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा का आयोजन 14 सितंबर 2025 को छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा किया गया। इसके अलावा आरक्षक (चालक) और आरक्षक (ट्रेड) पदों के लिए ट्रेड टेस्ट 17–19 नवंबर 2025 के बीच आयोजित हुआ।
कुल 1,592 पदों पर चयन, महिला उम्मीदवारों की मजबूत उपस्थिति
आज जारी सूची के अनुसार, बस्तर रेंज के सातों जिलों में कुल 1,592 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। जिलेवार चयन इस प्रकार है,
नारायणपुर – 470
बीजापुर – 337
बस्तर – 334
सुकमा – 128
कांकेर – 125
कोंडागांव – 103
दंतेवाड़ा – 55
इस भर्ती में 464 महिला अभ्यर्थी सफल हुई हैं, जो बस्तर रेंज में महिला भागीदारी बढ़ाने की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए 91 ट्रेड आरक्षक चयनित
आरक्षक मोटर वाहन चालक और विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के कुल 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इससे पुलिस बल की तकनीकी क्षमताओं और परिचालन दक्षता में बढ़ोतरी होगी।
IG बस्तर: “जन-केंद्रित पुलिसिंग को मिलेगी नई मजबूती”
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पट्टीलिंगम ने कहा,“यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ शासन की जन-केंद्रित पुलिसिंग की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाती है। नव-नियुक्त आरक्षक बस्तर के सभी जिलों में कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।” उन्होंने कहा कि, नए आरक्षकों की नियुक्ति से सुरक्षा व्यवस्था और जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। बस्तर रेंज में आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के सफल समापन के साथ ही क्षेत्र में पुलिस बल को नई ऊर्जा और मजबूत आधार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।