

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Major Naxalite dump uncovered in Gadchiroli, weapons-making material recovered
सुकमा। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की सीमा से लगे गढ़चिरौली जिले में माओवाद विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और बीडीडीएस टीम ने जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का खुलासा किया है। मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को आत्मसमर्पित माओवादियों से पोमके-बिनागुंडा क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों द्वारा हथियार निर्माण सामग्री छिपाकर रखने की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान पथक और बीडीडीएस जवानों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

सघन तलाशी के दौरान जवानों ने जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए डंप का पता लगाया। सुरक्षा बलों ने सावधानीपूर्वक खुदाई कर बड़ी मात्रा में उपकरण और सामग्री बरामद की।
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में लेथ मशीन, बीजीएल पाइप, 12 बोर पाइप, इन्वर्टर, जनरेटर, बैटरी, ग्राइंडिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन, जिग सॉ मशीन, प्रेशर पंप, सोलर पैनल और करीब 20 फीट फुटबॉल पाइप सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, माओवादी इन मशीनों और उपकरणों का इस्तेमाल हथियार तैयार करने तथा सुरक्षा बलों पर हमले की साजिश रचने के लिए करते थे। बरामद सामग्री से यह भी संकेत मिलता है कि नक्सली लंबे समय से इलाके में तकनीकी संसाधनों के जरिए अपने नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे।
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस और बीडीडीएस टीम ने मौके पर ही बरामद सभी सामग्री को नष्ट कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इससे नक्सलियों की हथियार निर्माण क्षमता को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि माओवाद प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन और नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बलों का लक्ष्य क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह कमजोर करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।