

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic train accident in West Bengal: Local train hits school van; three dead, including two students.
मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। एक रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों को ले जा रही पूल कार (स्कूल वैन) को तेज रफ्तार ट्रेन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो स्कूली छात्रों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार निमतिया-कटवा लोकल ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार बच्चे अंदर ही फंस गए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन छात्रों और वैन चालक को इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, एक एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया, जबकि उसी ट्रैक पर कुछ ही देर में एक पैसेंजर ट्रेन भी आने वाली थी। फाटक खुला देखकर स्कूल वैन चालक ने रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार लोकल ट्रेन वहां पहुंच गई और वैन को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन और गेटमैन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि एक्सप्रेस ट्रेन गुजरने के तुरंत बाद फाटक खोल दिया गया, जबकि दूसरी ट्रेन आने वाली थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फाटक खुला देखकर चालक को लगा कि रास्ता सुरक्षित है, लेकिन कुछ ही क्षण बाद तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और यह बड़ा हादसा हो गया।
पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे फाटक के संचालन, सिग्नल प्रणाली और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।