

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba pali heatwave migratory bats death chhattisgarh
कोरबा-पाली में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी और लू ने लोगों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षियों की जिंदगी पर भी संकट खड़ा कर दिया है। पाली क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिसका असर अब वन्यजीवों पर साफ दिखाई देने लगा है। नौकोनिया तालाब के किनारे बसेरा बनाए हुए 150 से अधिक प्रवासी चमगादड़ों की हीट स्ट्रोक से मौत हो गई। मृत चमगादड़ पेड़ों से गिरकर तालाब किनारे पड़े मिले।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हर साल फरवरी-मार्च में हजारों की संख्या में प्रवासी चमगादड़ तालाब किनारे स्थित ऊंचे पेड़ों पर डेरा जमाते हैं। इस बार इनकी संख्या सामान्य से अधिक बताई जा रही है। लगातार बढ़ती गर्मी और 43 डिग्री तापमान के कारण ये जीव गर्मी सहन नहीं कर पा रहे हैं। आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी पक्षियों और जानवरों पर गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार चमगादड़ों का सामान्य शारीरिक तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस होता है। 40 डिग्री से अधिक तापमान में वे असहज होने लगते हैं, जबकि 42 डिग्री पार होते ही स्थिति जानलेवा बन जाती है। अत्यधिक गर्मी के कारण वे पेड़ों से गिरकर मरने लगते हैं। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन पक्षियों की मौत पर नजर बनाए हुए हैं।
भीषण गर्मी का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। खेतों में लगी सब्जियां झुलस रही हैं और किसानों की चिंता बढ़ गई है। दूसरी ओर, प्रदेशभर के अस्पतालों में भी गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डिहाइड्रेशन और हीट एग्जॉशन के 1200 से ज्यादा मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं। राज्य महामारी नियंत्रण केंद्र ने अस्पतालों में आने वाले मरीजों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।
प्रदेश के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि हीट एग्जॉशन, हीट स्ट्रोक से पहले की गंभीर स्थिति होती है। शरीर से अत्यधिक पसीना निकलने के कारण पानी और नमक की कमी हो जाती है, जिससे कमजोरी, चक्कर और बेहोशी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं।
इधर, पूरे छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप जारी है। अधिकांश जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि जगदलपुर में तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक यानी 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है।