

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

upsc prelims exam chhattisgarh raipur bilaspur
रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई यानी आज आयोजित की जा रही है। छत्तीसगढ़ में रायपुर और बिलासपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 13 हजार 319 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं।
रायपुर जिले में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 8 हजार 449 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं बिलासपुर में 14 परीक्षा केंद्रों पर 4 हजार 870 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इस बार UPSC परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का फेस स्कैन किया गया। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई। प्रशासन का कहना है कि इससे फर्जी अभ्यर्थियों और गड़बड़ी की संभावनाओं पर रोक लगेगी।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट बंद कर दिए गए। वहीं दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है। तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जा रही है। साथ ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
रायपुर कलेक्टर ने परीक्षा गाइडलाइन के पालन को लेकर अधिकारियों की बैठक भी ली थी। इसके तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर दायरे में ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था रोकने के निर्देश दिए गए हैं। गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय से किया जाएगा।
बिलासपुर में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्र
बिलासपुर में UPSC प्रीलिम्स के लिए 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय कोनी, सीएमडी स्नातकोत्तर महाविद्यालय और कौशलेन्द्र राव विधि महाविद्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला दयालबंद, लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक शाला, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा, शासकीय माता सबरी नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवकीनंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सहित अन्य संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।