

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A unique example of humanity: Municipal Commissioner shaves head to boost the morale of a girl suffering from cancer.
सिंगरौली। मध्य प्रदेश की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सिंगरौली नगर पालिक निगम की आयुक्त सविता प्रधान ने मानवता और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी व्यापक चर्चा हो रही है। कैंसर से जूझ रही एक मासूम बच्ची का आत्मविश्वास बढ़ाने और उसके चेहरे पर मुस्कान लौटाने के लिए उन्होंने अपना सिर मुंडवा लिया।
जानकारी के अनुसार सविता प्रधान की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से कैंसर पीड़ित बच्ची से हुई। बातचीत के दौरान बच्ची ने बताया कि कीमोथेरेपी के कारण उसके सिर के सभी बाल झड़ गए हैं। इस वजह से वह खुद को दूसरों से अलग और असहज महसूस करती है। बच्ची की बात सुनकर सविता प्रधान भावुक हो गईं।
बच्ची का मनोबल बढ़ाने के लिए सविता प्रधान ने उससे पूछा कि यदि मैं भी तुम्हारी तरह नजर आऊं तो क्या तुम्हें अच्छा लगेगा। बच्ची ने मुस्कुराकर सहमति जताई। इसके बाद उन्होंने बिना किसी संकोच के अपना सिर मुंडवा लिया, ताकि बच्ची को यह महसूस हो कि सुंदरता केवल बालों से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और साहस से होती है।
मुंडन कराने के अगले ही दिन सविता प्रधान सामान्य रूप से अपने कार्यालय पहुंचीं और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह अपने बदले हुए स्वरूप को छिपाने के लिए न तो स्कार्फ पहनेंगी और न ही किसी तरह का संकोच करेंगी।
सविता प्रधान का मानना है कि किसी व्यक्ति की असली पहचान उसके लंबे बाल, आभूषण या बाहरी रूप से नहीं, बल्कि उसके आत्मविश्वास, साहस और सकारात्मक सोच से होती है। उनका यह कदम न केवल उस बच्ची के लिए संबल बना, बल्कि समाज को संवेदनशीलता, सहानुभूति और मानवीय मूल्यों का मजबूत संदेश भी दे गया।