

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: BJP leader commits suicide in Khandwa, alleges usury and harassment; police investigate
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सूदखोरी से परेशान एक बीजेपी नेता द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। लवकुश नगर निवासी बीजेपी नेता जितेंद्र चौधरी उर्फ जीतू ने कथित आर्थिक दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेन-देन को लेकर पहुंचे थे हिसाब करने
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र चौधरी मंगलवार सुबह बड़गांव भीला रोड स्थित कांग्रेस के पूर्व पार्षद गणेश सकरगाये के घर पैसों के लेन-देन का हिसाब करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि करीब 50 लाख रुपये के लेन-देन में ब्याज नहीं चुका पाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान सकरगाये ने उन्हें धमकी दी, जिसके बाद तनाव में आकर जीतू चौधरी ने मौके पर ही जहरीला पदार्थ निगल लिया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
घटना के बाद सकरगाये और अन्य लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया। बड़ी संख्या में बीजेपी नेता के समर्थक अस्पताल पहुंच गए थे। शाम तक हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृत्यु पूर्व बयान में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, मौत से पहले दिए गए बयान में जितेंद्र चौधरी ने कांग्रेस नेता गणेश सकरगाये पर सूदखोरी और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि ब्याज के दबाव में उन्हें आर्थिक रूप से तोड़ दिया गया। आरोप यह भी है कि ब्याज की रकम नहीं चुका पाने पर उनकी बेटी का विवाह तक तुड़वा दिया गया और घर बिकवाने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने राजनीतिक दुश्मनी का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोघट पुलिस ने मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, गणेश सकरगाये से पूछताछ की जाएगी और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज व गवाहों के बयान जुटाए जाएंगे। वहीं, डीआईजी मनोज कुमार राय ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि सूदखोरी की पुष्टि होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।