

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

By-elections in three states: Prashant Kishor's candidate takes a big lead in Bankipur, Congress ahead in Datia, and BJP secures a resounding victory in Manjalpur.
नई दिल्ली। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे लगभग स्पष्ट हो गए हैं। बिहार के बांकीपुर में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा के गढ़ में बड़ी बढ़त बनाकर सभी को चौंका दिया है। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है। दूसरी ओर गुजरात की मंजलपुर सीट पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी।
बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 27वें राउंड की मतगणना तक उन्हें 53,566 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 38,893 वोट प्राप्त हुए। इस तरह प्रशांत किशोर करीब 16,887 वोटों की बढ़त पर पहुंच गए।
बांकीपुर सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नितिन नवीन का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया। इस सीट पर प्रशांत किशोर की बढ़त को बिहार की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
बढ़त मिलने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका विधायक बनना किसी चमत्कार की शुरुआत नहीं है, लेकिन आने वाले कुछ महीनों में जनता बदलाव जरूर महसूस करेगी।
उन्होंने कहा,"बांकीपुर रातों-रात बेंगलुरु नहीं बनेगा, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में यहां सुधार दिखाई देगा। जनता ने भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार को बेहतर मुख्यमंत्री की जरूरत है।" उनकी पत्नी ने भी बांकीपुर की जनता का आभार जताते हुए समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
चुनावी रणनीतिकार के रूप में राष्ट्रीय पहचान बनाने वाले प्रशांत किशोर के लिए यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज का खाता नहीं खुल पाया था, लेकिन इस उपचुनाव में पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बिहार की राजनीति में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। 13वें राउंड तक उन्हें 61,677 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 50,623 वोट प्राप्त हुए। कांग्रेस की बढ़त 11 हजार से अधिक वोटों तक पहुंच गई। 15 राउंड की मतगणना में केवल दो राउंड शेष रहने तक कांग्रेस की स्थिति काफी मजबूत दिखाई दी।
दतिया उपचुनाव का सबसे चर्चित पहलू यह रहा कि पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी भाजपा पिछड़ गई। बूथ संख्या-121 पर कांग्रेस को भाजपा से 27 वोट अधिक मिले। भाजपा ने इस उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन पार्टी को अपेक्षित बढ़त नहीं मिल सकी।
गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,499 वोटों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
उपचुनाव में इस सीट पर 37.05 प्रतिशत मतदान हुआ था। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतगणना केंद्र के बाहर जश्न मनाया और सतीश पटेल का रोड शो निकाला गया। महिला कार्यकर्ताओं ने गरबा कर जीत का उत्सव मनाया।
मंजलपुर में हार स्वीकार करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी भिखाभाई रबारी ने आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम चरण में भाजपा ने डर का माहौल बनाया। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए जनता के विश्वास की जीत बताया।
तीनों विधानसभा सीटों पर इस बार पिछले विधानसभा चुनावों की तुलना में कम मतदान दर्ज किया गया।
बिहार (बांकीपुर): 34.3% मतदान (पिछली बार 41.39%)
मध्य प्रदेश (दतिया): 71.44% मतदान (पिछली बार 81.61%)
गुजरात (मंजलपुर): 37.05% मतदान (पिछली बार 59.58%)
कम मतदान के बावजूद तीनों सीटों के नतीजों ने अपने-अपने राज्यों की राजनीति में नए संदेश दिए हैं।