

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Crime: Fake marriage bureau busted in Rajnandgaon, 2,286 women duped of Rs 38 lakh through fake profiles
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है। ‘लव लाइफ रिश्ते’ नाम से चल रहे फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए 2,286 युवतियों के नकली प्रोफाइल बनाकर देशभर के युवकों से करीब 38 लाख रुपये की ठगी की गई।
मामले में पुलिस ने मैरिज ब्यूरो के डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी और संचालक नेहा पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई का खुलासा एक अनाम शिकायत के बाद हुई जांच में हुआ।

जानकारी के मुताबिक, आरोपितों ने सृष्टि कॉलोनी में “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से कंपनी रजिस्टर कर रखी थी, जो पिछले दो वर्षों से संचालित हो रही थी। यहां करीब 10 कर्मचारियों को भी काम पर रखा गया था, जो इस फर्जी नेटवर्क को संचालित करने में लगे थे।
गिरोह ने उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के युवकों को निशाना बनाया। आरोपित फर्जी युवतियों की तस्वीरें तैयार कर उन्हें व्हाट्सएप के जरिए भेजते थे और शादी के नाम पर भरोसा दिलाते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रजिस्ट्रेशन, मीटिंग और परिवार से मुलाकात के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक के पैकेज बेचे जाते थे। पैसे मिलने के बाद कुछ समय तक बातचीत कराई जाती थी, लेकिन मुलाकात से पहले अलग-अलग बहाने बनाकर टाल दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 7 स्मार्टफोन, 14 कीपैड मोबाइल और 9 रजिस्टर जब्त किए हैं। इनमें सैकड़ों युवकों की जानकारी और फर्जी प्रोफाइल का पूरा ब्यौरा दर्ज मिला है। मोबाइल में मिले व्हाट्सएप चैट्स भी जांच के दायरे में हैं।
मामले की जांच कर रही अधिकारी वैशाली जैन ने बताया कि यह एक सुनियोजित ठगी का नेटवर्क था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।