

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: E-buses gain momentum in Naya Raipur; major deliberations held on several road projects, including four-lane roads and bypasses.
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें नवा रायपुर में ई-बसों का संचालन, कार्यालय भवन निर्माण के साथ रायगढ़ और जांजगीर-चांपा की सड़क परियोजनाएं प्रमुख रहीं।
बैठक में एनआरडीए के अंतर्गत कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी-ई बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। समिति ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
ई-बसों के संचालन से नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने समिति के समक्ष परियोजना की आवश्यकताओं, निर्माण से जुड़ी तैयारियों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्रस्तुत की।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत जिला रायगढ़ में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर समिति ने चर्चा की।
अधिकारियों ने परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति को दी।
जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी बैठक में विस्तार से विचार किया गया। समिति ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी आवश्यकताओं और क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करते हुए आगे की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विचार किया गया।