

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Impact of a cyclonic storm in Chhattisgarh; heavy rain expected on October 28–29, with wind speeds reaching 60 km/h.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अब प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब विकसित होकर बड़े चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके 27 अक्टूबर से और अधिक तीव्र होने की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंच सकता है और पूर्वाह्न में बापटला से विशाखापत्तनम के बीच तट पार कर सकता है। इस मौसमी गतिविधि का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर अतिभारी वर्षा भी हो सकती है। इसके साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
मौसम में बदलाव की शुरुआत 27 अक्टूबर को बस्तर संभाग से होने की संभावना है। इसके बाद 29 अक्टूबर तक बारिश का प्रभाव रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग तक फैल सकता है। सरगुजा संभाग को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में चक्रवाती तूफान का असर पड़ने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, अगले दो दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में 26 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन चक्रवाती तूफान के प्रभाव से आने वाले दिनों में राजधानी के मौसम में बदलाव हो सकता है।
28 और 29 अक्टूबर को संभावित बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के आगामी अपडेट पर नजर रखें। गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।