

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rainy spell continues in Chhattisgarh, temperature rises in Raipur; heavy rainfall in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जबकि कुछ शहरों में हल्की फुहारों से मौसम सुहावना रहा। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रायपुर में पिछले दो दिनों में तापमान 26 डिग्री से बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने अगले सात दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और रायपुर में 30 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर में 21 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी के चलते बारिश के बीच हल्की उमस भी महसूस हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोरमी में सबसे ज्यादा 14 सेमी बारिश हुई। इसके बाद जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
तखतपुर और लालपुर थाना में 8-8 सेमी, जबकि कोटाडोल में 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेमी वर्षा हुई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य इलाकों में भी बारिश हुई, हालांकि वहां बारिश का आंकड़ा इससे कम रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।