

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Sai's major announcement for Birgaon: New projects worth ₹110 crore announced.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नगर निगम बीरगांव क्षेत्र को 135 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही बीरगांव की जरूरतों को देखते हुए करीब 110 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीरगांव तेजी से विकसित हो रहा शहरी क्षेत्र है। औद्योगिक गतिविधियों और बढ़ती आबादी के अनुरूप यहां सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, खेल सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत है। सरकार इन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।
एसटीपी के लिए 82 करोड़, पेयजल और सड़कों पर भी खर्च
बीरगांव में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। इसके अलावा ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये, सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ और सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए बीरगांव में आधुनिक सुविधाओं वाला नालंदा परिसर बनाने के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है। व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट के लिए 1 करोड़ और बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय तक स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण और मरम्मत के लिए 50 लाख, सर्व मांगलिक भवन के लिए 1 करोड़ और शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये की घोषणा की गई। बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय शुरू करने की भी घोषणा हुई।
स्टेट कैपिटल रीजन से बीरगांव के विकास को मिलेगी नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों को शामिल करते हुए स्टेट कैपिटल रीजन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसमें बीरगांव भी शामिल है। इसके जरिए पूरे क्षेत्र के सुनियोजित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बीरगांव में मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय भी बनाया जाएगा। ऑनलाइन रजिस्ट्री और स्वतः नामांतरण जैसी व्यवस्थाओं से जमीन से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाया जा रहा है।
सात इलाकों में सर्वे के बाद मिलेंगे आवासीय पट्टे
मुख्यमंत्री ने बीरगांव के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराने की घोषणा की। सर्वे के बाद पात्र लोगों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।
135 करोड़ से ज्यादा के कामों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम में 135 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इनमें नगर निगम से जुड़े 94 करोड़ रुपये से अधिक और लोक निर्माण विभाग के 38 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य शामिल हैं। नगरोत्थान योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को 160 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री गृह निर्माण सम्मान योजना और नोनी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि के डेमो चेक भी दिए गए।

सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का पांव धुलवाकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर सम्मान किया गया। बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन भी सौंपे गए।
अरुण साव बोले- विकास की झमाझम बारिश हुई
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीरगांव के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। झमाझम बारिश के बीच बीरगांव में विकास की भी झमाझम बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार बीरगांव के सुनियोजित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया रुद्राक्ष
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शासकीय महाविद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, चर्म शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, विधायक भावना बोहरा, महापौर नंदलाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।