

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cartoon Festival-2026 held in Raipur; CM Sai attends, says, 'Cartoons are a powerful mirror of democracy and society.'
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। कार्टून गंभीर विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से सहजता से जनमानस तक पहुंचाने की अद्भुत क्षमता रखता है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता और गहराई से व्यक्त कर देता है। मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून एक विशिष्ट कला विधा है, जिसमें चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। कार्टूनिस्ट अपने सूक्ष्म अवलोकन और रचनात्मक दृष्टिकोण से सामाजिक घटनाओं को इस तरह प्रस्तुत करते हैं कि उनका प्रभाव लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बना रहता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आर.के. लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को जिस प्रभावशाली तरीके से कार्टून के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान करते हुए कहा कि नई पीढ़ी में प्रतिभा, कल्पनाशीलता और तकनीक के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। डिजिटल माध्यमों के विस्तार ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए नए मंच उपलब्ध कराए हैं। युवा कलाकार अपनी मौलिकता और रचनात्मक दृष्टि को बनाए रखते हुए इन अवसरों का लाभ उठाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयासों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और कार्टून कला से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
कार्टून फेस्टिवल-2026 के दौरान जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी के कलाकारों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को कार्टून के माध्यम से प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक विशिष्ट और रोचक तरीका है।
मुख्यमंत्री साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूर्ण होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट रचनात्मक विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। कार्टून वॉच ने देशभर के स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराया है तथा इस कला के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं से है। राज्य सरकार इनका संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ कलाकारों और रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन अनुभवी कलाकारों के अनुभव और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा को एक मंच पर लाकर कला एवं समाज के बीच रचनात्मक संवाद को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कार्टून के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज एवं सरल रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने पर पूरी टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून फेस्टिवल-2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, सहयोगियों, कार्टूनिस्टों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में सकारात्मक और विचारशील संवाद को और समृद्ध करेंगे। कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।