

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: A blend of melodies and dance at the cultural evening of 'Rajyotsav'; the audience swayed to the songs of Palak Muchhal.
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 की पहली सांस्कृतिक संध्या गीत-संगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों से लेकर बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों तक कलाकारों ने मंच पर ऐसा समां बांधा कि देर शाम तक दर्शक संगीत की धुनों पर झूमते रहे। अनुराग शर्मा, आरू साहू और बॉलीवुड की पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुतियां कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहीं। वहीं रिदम क्वीन बैंड और महाराष्ट्र के पारंपरिक लावणी नृत्य ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक अनुराग शर्मा ने प्रसिद्ध गीत ‘गीत कोनो गाहु तोर नाम के’ की प्रस्तुति से की। उनकी मधुर आवाज और छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत की मिठास ने शुरुआत से ही माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
इसके बाद रिदम क्वीन बैंड के कलाकारों ने आकर्षक संगीत और शानदार तालमेल से श्रोताओं को रोमांचित किया। बैंड की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या में नई ऊर्जा भर दी।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के पारंपरिक लावणी नृत्य की प्रस्तुति भी खास आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा, लयबद्ध कदमों और भावपूर्ण मुद्राओं के जरिए कलाकारों ने महाराष्ट्र की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक पेश की। इस प्रस्तुति ने राज्योत्सव के मंच पर देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय लोक गायिका आरू साहू ने भक्तिमय गीत से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक छत्तीसगढ़ी गीत सुनाकर दर्शकों को लोकसंस्कृति के रंग में रंग दिया। उनकी सुरीली आवाज और लोकगीतों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह जताया।
सांस्कृतिक संध्या का एक बड़ा आकर्षण बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति रही। उनके लोकप्रिय गीतों की धुनों पर खासकर युवा दर्शक झूमते नजर आए। पलक मुच्छल की सुरीली आवाज और मंचीय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
राज्योत्सव की इस सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ की लोककला और संगीत के साथ दूसरे राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को भी मंच मिला। कलाकारों की प्रस्तुतियों और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।