

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Congress demonstrates its strength at the 'Save the Vote, Save the Nation' rally in Delhi
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी अपनी ताकत दिखाई। रैली में प्रदेश के कई बड़े कांग्रेस नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
इस रैली में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। प्रदेशभर से कुल 25 बसों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजा गया। इसके अलावा कई नेता और कार्यकर्ता ट्रेन और फ्लाइट के जरिए भी रैली में शामिल होने पहुंचे। रायपुर के साथ कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बालोद और राजनांदगांव सहित अलग-अलग जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
राहुल-प्रियंका और अखिलेश समेत कई बड़े नेता हुए शामिल
रामलीला मैदान में आयोजित इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, अभिषेक बनर्जी और सुप्रिया सुले समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने मंच साझा किया।
मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक निकाला मार्च
रैली से पहले विपक्षी नेताओं ने मिंटो रोड से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत कई नेता खुले वाहन में सवार होकर रामलीला मैदान पहुंचे। इस दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मार्च में शामिल हुए।
चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ उठाई आवाज
रैली में विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
विपक्ष की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाना, SIR के तहत मतदाता सूची से हटाए गए नामों की प्रक्रिया रद्द करना और चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान कराना शामिल रहा।
दीपक बैज ने दिखाई थी बसों को हरी झंडी
दिल्ली रवाना होने से पहले 30 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर के बीटीआई मैदान से कार्यकर्ताओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कुल 25 बसें दिल्ली भेजी गई थीं। कांग्रेस के मुताबिक, इस प्रदर्शन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक ने हिस्सा लिया।
इस रैली के जरिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के राष्ट्रीय विरोध प्रदर्शन में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।