

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Unseasonal rainfall has ceased in Chhattisgarh; the weather will remain clear for Dhanteras and Diwali, with temperatures set to drop in two days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश का दौर अब थमता नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ (Cyclone Murasu) का असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों से लगभग खत्म हो गया है। इसके साथ ही आसमान साफ होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 5 नवंबर से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम में आए इस बदलाव से धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर बारिश की बाधा नहीं आएगी। मौसम विभाग ने त्योहारों के दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में लोगों को त्योहार के दौरान मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
रात के तापमान में गिरावट के साथ ही प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। फिलहाल मौसम शुष्क रहने और त्योहारों के दौरान बारिश की आशंका नहीं होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।