

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Constitution Day 2026: In an article written for Constitution Day, PM Modi highlights 9 key points and takes a dig at the opposition.
नई दिल्ली। देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख लिखकर भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना और देश के विकास में उसकी भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान का प्रभाव केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में भी इसकी गहरी पहुंच होनी चाहिए।
युवाओं से संविधान की मूल भावना समझने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को समान अवसर प्रदान करता है। अपने लेख में पीएम मोदी ने आपातकाल, संविधान संशोधनों, OBC आरक्षण और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
संविधान को बताया भारत की सभ्यतागत विरासत
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सभ्यतागत विरासत और आधुनिक लोकतंत्र का आधार है। संविधान निर्माताओं ने भारत की समृद्ध परंपराओं और प्राचीन ज्ञान को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया। उन्होंने बताया कि संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई।
सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी मिला देश की सेवा का अवसर
प्रधानमंत्री ने अपने बचपन और सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इसी संवैधानिक व्यवस्था के कारण सामान्य परिवार में जन्मा व्यक्ति भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी निभा सकता है।
सरकारी योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय से जोड़ा
पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और UPI जैसी पहलों को संविधान में निहित सामाजिक और आर्थिक न्याय के संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने 101वें, 102वें और 103वें संविधान संशोधन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इनके जरिए लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा किया गया। 101वें संशोधन से GST लागू करने का संवैधानिक आधार तैयार हुआ। 102वें संशोधन के तहत राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जबकि 103वें संशोधन के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (EWS) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।
संविधान को आम नागरिकों के और करीब लाने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसे आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से औपनिवेशिक दौर के कानूनों में बदलाव किया गया। उन्होंने कहा कि देश दंड केंद्रित व्यवस्था से नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर आगे बढ़ रहा है।
आपातकाल और संविधान संशोधनों को लेकर विपक्ष पर हमला
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में पहले संविधान संशोधन और 42वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे मौलिक स्वतंत्रताओं और न्यायिक समीक्षा की व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता का दुरुपयोग संवैधानिक संस्थाओं को किस तरह प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर भी विपक्षी दल पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि एक पार्टी ने लगभग 100 बार इस अनुच्छेद का इस्तेमाल कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया। उनके मुताबिक, एक प्रधानमंत्री ने 50 से अधिक बार ऐसा किया।
अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का भी किया उल्लेख
पीएम मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, OBC और महिलाओं को उनके अधिकारों का लाभ मिलने का रास्ता खुला। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रभावित क्षेत्रों के गरीब नागरिकों को भी अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है।
OBC और महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी OBC आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने धर्म के आधार पर आरक्षण का समर्थन नहीं किया था।
महिला आरक्षण पर उन्होंने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया और इसके प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब 'विरोध पक्ष' नहीं, बल्कि 'अवरोध पक्ष' बन गया है।
2047 तक विकसित भारत के लिए 'इंडिया फर्स्ट' का मंत्र
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोच में 'इंडिया फर्स्ट' और कार्यों में कर्तव्य का भाव होना चाहिए। पीएम मोदी के अनुसार, इन्हीं मूल्यों के आधार पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बीजेपी मनाएगी संविधान गौरव दिवस, अमित शाह और नितिन नवीन करेंगे कार्यक्रमों को संबोधित
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में 'संविधान गौरव दिवस' के तहत कार्यक्रम आयोजित कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अलग-अलग शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
अमित शाह: नई दिल्ली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी।
नितिन नवीन: पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
जेपी नड्डा: अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। हालांकि, संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, जिसके बाद भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। वर्ष 2015 से 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।