

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: 'Don't fear rejection; learn from it' – Kranti Prakash Jha shares his journey from struggle to success.
मुंबई। वेब सीरीज 'रक्तांचल' में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने अपने करियर के शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए कहा कि रिजेक्शन से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उनका कहना है कि मनोरंजन उद्योग में सफलता का रास्ता आसान नहीं होता और हर कलाकार को असफलताओं का सामना करना पड़ता है।
एक बातचीत के दौरान क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि अभिनय की दुनिया में रिजेक्शन एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा, "रिजेक्शन दुनिया का नियम है। आप इससे बच नहीं सकते।" उनके मुताबिक, हर बार मिली असफलता ने उन्हें और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई कलाकार अपने सपने पर भरोसा रखता है और लगातार प्रयास करता है, तो एक दिन सफलता जरूर मिलती है।
क्रांति प्रकाश झा ने मुंबई में बिताए अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि ऑडिशन देने के लिए उन्हें रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। उन्होंने बताया कि वे गोरेगांव से लोकल ट्रेन पकड़कर महालक्ष्मी स्थित फेमस स्टूडियो जाया करते थे।
उन्होंने कहा कि लोकल ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वे अपने साथ तीन जोड़ी कपड़े लेकर चलते थे। ट्रेन के सफर में कपड़े पसीने से भीग जाते थे, इसलिए स्टूडियो पहुंचकर कपड़े बदलते, खुद को तैयार करते और फिर ऑडिशन देते थे। यह उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा था।
क्रांति प्रकाश झा ने बताया कि फिल्म 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' से उन्हें पहचान जरूर मिली, लेकिन इससे उनके करियर में तुरंत बदलाव नहीं आया।
उन्होंने कहा कि फिल्म के बाद लगभग दो साल तक उन्हें कोई काम नहीं मिला। इस दौरान आर्थिक परेशानियां भी झेलनी पड़ीं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनके अभिनय की तारीफ की, लेकिन इसके बावजूद उनके पास न काम था और न ही पर्याप्त पैसे।
.jpeg)
क्रांति ने कहा कि उस समय उनके मन में यह सवाल जरूर आता था कि आखिर काम क्यों नहीं मिल रहा है और आर्थिक स्थिति क्यों नहीं सुधर रही। हालांकि उन्होंने कभी खुद को बड़ा कलाकार नहीं माना और हमेशा अपने माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों और विनम्रता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
क्रांति प्रकाश झा का कहना है कि कठिन समय ने उन्हें मानसिक रूप से और मजबूत बनाया। उन्होंने कभी अपने सपने से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करते रहे। उनका मानना है कि सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ते हैं।
आज क्रांति प्रकाश झा 'रक्तांचल 3' की सफलता के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म के चर्चित कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई है। विजय सिंह के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा और उनके अभिनय को व्यापक प्रशंसा मिली।
रिजेक्शन, आर्थिक तंगी और लंबे संघर्ष से गुजरने के बाद सफलता हासिल करने वाले क्रांति प्रकाश झा का सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो अभिनय की दुनिया में अपना करियर बनाना चाहते हैं। उनका संदेश साफ है कि असफलता अंत नहीं होती, बल्कि वही आगे बढ़ने की सबसे बड़ी सीख बन सकती है।