

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Kay Kay Menon to step away from serious roles and appear in a comedy; director Himank Gaur reveals why he cast him for Prime Video's 'Adarsh Bal Vidyalaya'.
मुंबई। अपने गंभीर, दमदार और जटिल किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता के के मेनन अब एक बिल्कुल नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। प्राइम वीडियो की आगामी ओरिजिनल सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' में वह ज्ञानेश्वर त्रिपाठी नाम के एक मस्तमौला स्कूल प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहे हैं। यह पहली बार होगा जब दर्शक उन्हें इस तरह की फुल-फ्लेज्ड कॉमिक भूमिका में देखेंगे।
सीरीज के निर्देशक हिमांक गौर का कहना है कि उन्होंने जानबूझकर के के मेनन को उनकी स्थापित छवि से बिल्कुल अलग किरदार के लिए चुना। उनके मुताबिक, एंटी-कास्टिंग का मकसद दर्शकों और कलाकार, दोनों को कुछ नया अनुभव देना होता है।

हिमांक गौर ने कहा कि के के मेनन अपने दौर के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं, लेकिन उन्हें इस तरह की कॉमेडी करते कभी नहीं देखा गया। हालांकि उन्होंने पहले इसके कुछ संकेत दिए थे, लेकिन उनका यह पक्ष पूरी तरह सामने नहीं आ पाया था।
निर्देशक के अनुसार, जैसे ही के के मेनन को ‘आदर्श बाल विद्यालय’ की कहानी सुनाई गई, उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा, "मैं यह करना चाहता हूं।" इसके बाद पूरी टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया।
हिमांक गौर ने कहा कि जब किसी कलाकार में अभिनय की इतनी गहराई हो, तो वह किसी भी जॉनर में पूरी ईमानदारी और विश्वास के साथ काम कर सकता है। उनके मुताबिक, के के मेनन को गंभीर किरदारों की तरह ही पूरी सच्चाई के साथ कॉमेडी निभाते देखना इस सीरीज का सबसे संतोषजनक अनुभव रहा।
'आदर्श बाल विद्यालय' एक हल्की-फुल्की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जिसमें उम्मीद, हिम्मत और साथ मिलकर बदलाव लाने की कहानी दिखाई गई है। कहानी एक ऐसे स्कूल प्रिंसिपल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की चुनौतियों के बावजूद अपने स्टाफ के साथ मिलकर स्कूल की तस्वीर बदलने की कोशिश करता है।
सीरीज का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले क्रिएट और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस किया है। सात एपिसोड की इस सीरीज की कहानी बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखी है।
के के मेनन के अलावा सीरीज में अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'आदर्श बाल विद्यालय' का प्रीमियर 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा और अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा।