

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Parmeet Sethi shares a funny review of Archana Puran Singh's acting in 'Adarsh Bal Vidyalaya'—find out what he said.
मुंबई। रिलीज़ के बाद से ही प्राइम वीडियो की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'आदर्श बाल विद्यालय' दर्शकों का भरपूर प्यार बटोर रही है। शानदार कॉमेडी, भावनात्मक पलों और दमदार अभिनय की वजह से यह सीरीज धीरे-धीरे दर्शकों की पसंदीदा बनती जा रही है। इसी बीच अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह अपने बेटे आर्यमान सेठी के नए व्लॉग में नजर आईं, जहां पूरा परिवार साथ बैठकर उनकी नई सीरीज देखता दिखाई दिया।
व्लॉग के दौरान अर्चना पूरन सिंह ने खुलासा किया कि वह अपनी खुद की एक्टिंग बहुत कम देखती हैं। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद पहली बार वह अपने पति परमीत सेठी और दोनों बेटों के साथ अपनी सीरीज देखने बैठी हैं।
अर्चना ने कहा, "मैं अपनी एक्टिंग बहुत कम देखती हूं। आज बहुत सालों बाद देखूंगी और वो भी तुम लोगों के साथ। मुझे लगता है कि पूरी कास्ट और सभी की परफॉर्मेंस शानदार है। आप सभी प्राइम वीडियो पर 'आदर्श बाल विद्यालय' जरूर देखें।"
सीरीज देखने के दौरान अभिनेता और फिल्ममेकर परमीत सेठी ने अपनी पत्नी की परफॉर्मेंस पर मजाकिया अंदाज में कहा, "आखिरकार अब मुझसे सीख गई।"
उनकी इस बात पर अर्चना ने भी अपने चुटीले अंदाज में जवाब देते हुए कहा, "बिल्कुल सही कहा। इनसे मैंने यही सीखा है कि क्या नहीं करना है।" दोनों की इस हल्की-फुल्की नोकझोंक ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
https://youtube.com/shorts/pzOqtomQ3AI?si=TG_GkRHG3BfUYzdf
अर्चना के बेटे आर्यमान सेठी ने भी अपनी मां की एक्टिंग की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्हें 'आदर्श बाल विद्यालय' बेहद पसंद आई और पूरी टीम ने शानदार काम किया है।
'आदर्श बाल विद्यालय' एक हल्की-फुल्की कॉमेडी-ड्रामा सीरीज है, जो उम्मीद, हिम्मत और एकजुटता की कहानी को मनोरंजक अंदाज में पेश करती है। इसकी कहानी एक ऐसे हेडमास्टर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सीमित संसाधनों और रोजमर्रा की चुनौतियों के बावजूद अपने स्कूल को बेहतर बनाने की कोशिश करता है।
सीरीज का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है, जबकि इसे बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बनाया और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूस किया है। सात एपिसोड वाली इस सीरीज की कहानी बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नुपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने लिखी है।
सीरीज में के के मेनन मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके साथ अर्चना पूरन सिंह, अभिमन्यु सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह ने भी अहम किरदार निभाए हैं। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम की जा रही है।