

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Ritesh Sidhwani and Farhan Akhtar's Excel Entertainment launches Excel Music.
मुंबई। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के प्रमुख प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी रचनात्मक यात्रा का विस्तार करते हुए नए म्यूजिक लेबल 'एक्सेल म्यूजिक' की आधिकारिक शुरुआत का ऐलान किया है। इस नए वेंचर के जरिए कंपनी अब फिल्मों के साथ-साथ संगीत की दुनिया में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी। इस पहल में यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (UMG) रणनीतिक साझेदार होने के साथ-साथ मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर की भूमिका निभाएगा।
एक्सेल म्यूजिक की पहली रिलीज 'मिर्जापुर: द मूवी' का साउंडट्रैक एल्बम होगा। यह एल्बम 4 सितंबर 2026 को फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज के साथ दर्शकों के बीच आएगा। एल्बम का पहला गाना हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित गायक धांडा की आवाज में होगा, जो इसी गीत के जरिए बॉलीवुड में अपना बहुप्रतीक्षित म्यूजिक डेब्यू करेंगे। यह गाना इसी सप्ताह रिलीज किया जाएगा।
पिछले दो दशकों में एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 'दिल चाहता है', 'लक्ष्य', 'रॉक ऑन!!', 'कार्तिक कॉलिंग कार्तिक', 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा', 'दिल धड़कने दो', 'बार बार देखो', 'रईस' और 'गली बॉय' जैसी कई सफल फिल्में दी हैं। इन फिल्मों का संगीत आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। अब एक्सेल म्यूजिक के माध्यम से सिर्फ एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर ही नहीं, बल्कि अन्य प्रमुख फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों का संगीत भी रिलीज किया जाएगा।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के संस्थापक रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने संयुक्त बयान में कहा, "संगीत हमेशा हमारी रचनात्मक यात्रा का एक अहम हिस्सा रहा है। एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत उसी जुनून का स्वाभाविक विस्तार है। हम बेहतरीन कलाकारों के साथ मिलकर ऐसा संगीत बनाना चाहते हैं, जो हर पीढ़ी के दर्शकों के दिलों तक पहुंचे।"
यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप के भारत और दक्षिण एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सानुजीत भुजाबल ने कहा, "एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले दो दशकों में ऐसी कहानियां दी हैं, जिन्होंने हर पीढ़ी के दर्शकों से जुड़ाव बनाया है। हमें खुशी है कि हम एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत में उनके रणनीतिक साझेदार हैं। यूनिवर्सल म्यूजिक के वैश्विक कलाकारों, प्रतिष्ठित कैटलॉग और विश्वस्तरीय मार्केटिंग व डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए हम एक्सेल म्यूजिक को भारत ही नहीं, दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।"
एक्सेल म्यूजिक की शुरुआत के साथ एक्सेल एंटरटेनमेंट अब अपनी कहानी कहने की कला को सिर्फ फिल्मों और वेब सीरीज तक सीमित नहीं रखेगा। कंपनी का लक्ष्य संगीत के माध्यम से भी दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाना और भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री में नए कलाकारों व नए कंटेंट को वैश्विक मंच तक पहुंचाना है।