

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: The world of 'Naagin' will expand beyond TV, with Balaji Telefilms preparing to bring it to the big screen.
मुंबई। एकता कपूर की सुपरहिट टीवी फ्रैंचाइज़ी ‘नागिन’ अब छोटे पर्दे से आगे बढ़कर बड़े पर्दे पर दस्तक दे सकती है। इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, बालाजी टेलीफिल्म्स ‘नागिन’ को फिल्म के रूप में पेश करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार कर रही है। यदि यह प्रोजेक्ट हरी झंडी पाता है, तो दर्शकों को पौराणिक और फैंटेसी अंदाज़ में नागिन की दुनिया का भव्य सिनेमाई अनुभव देखने को मिल सकता है।
2015 से शुरू हुआ सुपरनैचुरल सफर
एकता कपूर ने वर्ष 2015 में ‘नागिन’ के जरिए भारतीय टेलीविजन पर सुपरनैचुरल फिक्शन की एक नई शुरुआत की थी। मौनी रॉय और अदा खान की लीड में शुरू हुआ यह शो देखते ही देखते दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हो गया। बीते 11 सालों में ‘नागिन’ फ्रैंचाइज़ी देश के सबसे चर्चित टीवी शोज़ में शामिल हो चुकी है। फिलहाल इसका नया सीजन ‘नागिन 7’ ऑन-एयर है।
फिल्मी अवतार में और भव्य होगी कहानी
सूत्रों के अनुसार, मेकर्स इस ब्रांड की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और सिनेमैटिक स्केल को ध्यान में रखते हुए इसे बड़े पर्दे के हिसाब से नए अंदाज़ में ढालना चाहते हैं। फिल्म में नागिन की पौराणिक पृष्ठभूमि और फैंटेसी एलिमेंट्स को और ज्यादा भव्य विजुअल ट्रीटमेंट दिया जा सकता है, जिससे दर्शकों को एक अलग स्तर का अनुभव मिले।
कौन बनेगी बड़े पर्दे की ‘नागिन’?
हालांकि ‘नागिन’ फिल्म का कॉन्सेप्ट अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि बड़े पर्दे पर नागिन का किरदार कौन निभाएगा। टीवी पर भी हर सीजन के लिए एकता कपूर लंबा और डिटेल्ड ऑडिशन प्रोसेस अपनाती रही हैं। यह प्रोजेक्ट उनके दिल के बेहद करीब रहा है, इसलिए लुक, कॉस्ट्यूम, स्टाइलिंग और कैरेक्टर प्रेजेंटेशन पर उनकी खास नजर रहती है। ऐसे में फिल्म के लिए भी कास्टिंग को लेकर मेकर्स बेहद सतर्क रहेंगे।
अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं एकता कपूर
एकता कपूर इन दिनों अपने कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। उनकी और TVF की थिएट्रिकल फिल्म ‘Vvan’ पर काम तेज़ी से चल रहा है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया लीड रोल में नजर आएंगे। अरुणाभ कुमार के निर्देशन में बन रही यह फिल्म एक रहस्यमय और रोमांचक कहानी पेश करेगी और अगले साल रिलीज़ होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ भी चर्चा में है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसमें अक्षय कुमार, तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और वामिका गब्बी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
टीवी से सिनेमाघरों तक ‘नागिन’ का सफर
अगर ‘नागिन’ को फिल्म के रूप में मंजूरी मिलती है, तो यह भारतीय टीवी की सबसे सफल फ्रैंचाइज़ी में से एक का नया अध्याय साबित होगा। दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि रहस्यमयी नागिन की कहानी बड़े पर्दे पर किस नए रूप में सामने आती है।