

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Even his shadow has wings to fly'... New poster of Nani's 'The Paradise' released; explosive teaser coming on August 6.
मुंबई। नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' को लेकर फैंस का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म के मेकर्स ने टीजर रिलीज़ से पहले नानी का नया इंटेंस पोस्टर जारी किया है, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन लिखा, "उसके साए के भी उड़ने के लिए पंख हैं।" साथ ही यह भी पुष्टि की गई कि फिल्म का ग्रैंड टीजर 6 अगस्त को रिलीज़ किया जाएगा।
जारी किए गए नए पोस्टर में नानी एक विशाल काले कौवे पर खड़े नजर आ रहे हैं। कौवे की लाल चमकती आंखें पोस्टर को रहस्यमयी और ताकतवर लुक देती हैं। नानी का रफ-टफ अवतार और बैकग्राउंड का डार्क टोन फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा रहा है। प्रमोशनल कैंपेन में बार-बार नजर आने वाला यह कौवा अब फिल्म के सबसे चर्चित प्रतीकों में शामिल हो चुका है। माना जा रहा है कि यह नानी के किरदार की ताकत, आज़ादी और विद्रोही स्वभाव का प्रतीक है।
'द पैराडाइज' में निर्देशक श्रीकांत ओडेला और नानी की जोड़ी दूसरी बार साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दसरा' दी थी, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। ऐसे में इस नई फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
फिल्म का पहला गाना 'आया शेर' रिलीज़ के बाद से ही दर्शकों की जुबान पर छाया हुआ है। यह गाना यूट्यूब पर 20 करोड़ से अधिक व्यूज़ हासिल कर चुका है, जबकि इसे 18 लाख (1.8 मिलियन) से ज्यादा लाइक्स भी मिले हैं। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश समेत कुल आठ भाषाओं में रिलीज़ किया जाएगा। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के साथ-साथ वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
फिल्म को वैश्विक स्तर पर बड़े पैमाने पर पहुंचाने की तैयारी भी जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने हॉलीवुड स्टार रायन रेनॉल्ड्स से इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म को प्रेजेंट करने के लिए संपर्क किया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अब 6 अगस्त को आने वाले टीजर पर सभी की निगाहें टिकी हैं। दमदार पोस्टर्स, रिकॉर्डतोड़ गाना और बड़े स्तर की रिलीज़ योजना को देखते हुए 'द पैराडाइज' साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल होती नजर आ रही है।