

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

FIFA World Cup 2026 kicks off today, eyes of the world on the epic battle of 48 teams
रायपुर। फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। दुनिया का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ FIFA World Cup 2026 गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में 48 देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
FIFA World Cup 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि इससे पहले 32 टीमें खेलती थीं। टीमों की संख्या बढ़ने के साथ इस बार कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे, जो विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा हैं।
विश्व कप का पहला मुकाबला मेक्सिको सिटी में खेला जाएगा, जबकि 19 जुलाई को अमेरिका के न्यूजर्सी में फाइनल मुकाबला आयोजित होगा। तीन देशों में फैला यह आयोजन अब तक का सबसे भव्य और व्यापक फुटबॉल टूर्नामेंट माना जा रहा है।
टूर्नामेंट में दुनिया के कई दिग्गज सितारे आकर्षण का केंद्र होंगे। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए यह विश्व कप जीतने का एक और मौका होगा। वहीं अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी अपने दूसरे विश्व कप खिताब की तलाश में उतरेंगे। फ्रांस के किलियन एमबापे और ब्राजील के नेमार पर भी दुनियाभर के प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।
उद्घाटन मुकाबले से पहले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत की कई चर्चित हस्तियां प्रस्तुति देंगी। रंगारंग कार्यक्रम भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से शुरू होगा।
इस बार चार देश पहली बार FIFA World Cup में खेलते नजर आएंगे। इनमें केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान शामिल हैं। इन टीमों की मौजूदगी टूर्नामेंट को और रोमांचक बना सकती है।
फुटबॉल विश्व कप के 96 साल के इतिहास में अब तक केवल आठ देश ही चैंपियन बन सके हैं। सबसे सफल टीम ब्राजील रही है, जिसने पांच बार खिताब जीता है। इसके अलावा जर्मनी और इटली चार-चार बार, अर्जेंटीना तीन बार, जबकि फ्रांस, उरुग्वे, इंग्लैंड और स्पेन एक से अधिक बार ट्रॉफी जीत चुके हैं।
चार बार की विश्व चैंपियन इटली इस बार भी टूर्नामेंट में जगह नहीं बना सकी। लगातार तीसरे विश्व कप में उसका क्वालीफाई नहीं कर पाना फुटबॉल जगत की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल है।
इस बार कुल 48 टीमें और 104 मुकाबले होंगे। 891 खिलाड़ी पहली बार विश्व कप का अनुभव करेंगे। 357 खिलाड़ी पहले भी विश्व कप खेल चुके हैं। मेक्सिको का एज़्टेका स्टेडियम तीन अलग-अलग विश्व कप की मेजबानी करने वाला दुनिया का पहला स्टेडियम बनेगा। मेक्सिको के 17 वर्षीय गिल्बर्टो मोरा टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं। स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं।
करीब डेढ़ महीने तक चलने वाले इस महाकुंभ में दुनिया भर के करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों पर रहेंगी। अब सवाल यह है कि क्या कोई नई टीम इतिहास रचेगी या फिर ब्राजील, अर्जेंटीना, जर्मनी और फ्रांस जैसी दिग्गज टीमें एक बार फिर दुनिया पर अपना दबदबा कायम करेंगी। आने वाले दिनों में इसका जवाब मैदान पर मिलेगा।