

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Five women arrested for stealing gold jewellery worth ₹1.74 crore in Jagdalpur; case cracked via CCTV footage
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान से करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई 1.74 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी महिलाएं बस्तर जिले के कोड़ेनार क्षेत्र के उरवा गांव की निवासी बताई जा रही हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से आरोपितों तक पहुंच बनाई।
चोरी की यह वारदात दीपावली से एक दिन पहले शनिवार शाम को हुई थी। ग्रामीण वेशभूषा में पांच महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंचीं। उन्होंने दुकान में आभूषण देखने के बहाने कर्मचारियों को बातचीत और सामान दिखाने में उलझाए रखा।इसी दौरान महिलाओं ने दुकानदार और कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर करीब 1,200 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी महिलाएं दुकान से निकल गईं। चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत 1.74 करोड़ रुपये बताई गई है।
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मोती ज्वेलर्स के अलावा शहर के दूसरे स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं के आने-जाने में इस्तेमाल किए गए वाहन की पहचान की गई।इसके बाद वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस वाहन मालिक तक पहुंची। जांच आगे बढ़ने पर पांच संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं से चोरी की घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं आरोपित महिलाएं जिले या आसपास के अन्य इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रही हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस बुधवार को पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है।
इधर, बीजापुर जिले में भी आभूषण कारोबार से जुड़ी एक बड़ी वारदात सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर सोमवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर एक ज्वेलरी कारोबारी से करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए।जानकारी के अनुसार, भैरमगढ़ में आभूषणों का कारोबार करने वाले स्वरूप सोनी चारपहिया वाहन से गीदम जा रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडे मुर्गा गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने चाकू दिखाकर जेवरों से भरा बैग छीन लिया और पास के जंगल की ओर फरार हो गए।
जगदलपुर में ज्वेलरी दुकान से 1.74 करोड़ रुपये के आभूषणों की चोरी और बीजापुर में कारोबारी से करीब दो करोड़ रुपये की लूट की घटनाओं ने बस्तर संभाग में आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।