

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Grand state-level 'Tiranga Yatra' organized in Raipur; CM Vishnu Deo Sai urges everyone to hoist the national flag at their homes.
रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ रायपुर के इंडोर स्टेडियम से हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में निकली इस यात्रा में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद-विधायक, भाजपा संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्काउट एंड गाइड्स, NCC कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। इंडोर स्टेडियम परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर पहुंचने लगे थे।
रायपुर की सड़कों पर निकली यह तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से प्रारंभ होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर रखता है। देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत देश के अनेक वीरों ने त्याग और बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत कर लोगों से अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है। इस अभियान का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता के महत्व और देश के लिए किए गए बलिदानों से परिचित कराना है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि जवानों के अदम्य साहस और बलिदान से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अब उन क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव हुआ करता था।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा में दोनों उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद-विधायक, संगठन के पदाधिकारी, नागरिक और स्कूलों के बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए। उन्होंने सभी का अभिनंदन करते हुए प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान से देश की आने वाली पीढ़ियां भी स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदानों को समझ सकेंगी।
तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब और लक्ष्मी रजवाड़े, विधायक राजेश मूणत और सुनील सोनी समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इनके अलावा NCC कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड्स, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बने।