

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heavy rainfall in Chhattisgarh; normal life disrupted in several districts; alert issued for heavy rain over the next three days.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर अब पूरे छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। रायपुर में शाम के समय घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
लगातार बारिश से सूरजपुर जिले के खड़गवा-गुडरूडांड गांव में बना पुल टूट गया। इसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों को उनके परिजनों ने अपनी पीठ पर बैठाकर उफनती नदी पार कराई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सक्ती जिले के सोंठी गांव में सड़क नहीं होने के कारण एक शवयात्रा को करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ा। ग्रामीणों ने कठिन परिस्थितियों में शव को श्मशान घाट तक पहुंचाया, जिससे गांव की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति एक बार फिर उजागर हुई।
कबीरधाम में तेज बहाव में फंसी यात्रियों से भरी पिकअप
शुक्रवार को कबीरधाम जिले के ढोलढोली रपटा मार्ग पर तेज बहाव के बीच 20 से 25 यात्रियों से भरी एक पिकअप वाहन फंस गई थी। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए महिलाओं और बच्चों सहित सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में खेत में काम कर रहे 75 वर्षीय किसान धनीराम पटेल की बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे एक दिन पहले सक्ती जिले में भी बिजली गिरने से पति-पत्नी की मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा हुई। इसके बावजूद मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से लगभग 46 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे। कई क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और रपटों को पार करने से बचने, खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।