

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

INDIA Bloc Protest: INDIA bloc protests against Gyanesh Kumar; Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav sit on the road after encountering barricades.
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को रद्द करने की मांग को लेकर INDIA ब्लॉक के विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ शुरू किया। INDIA ब्लॉक में शामिल करीब 19 विपक्षी दलों के नेता संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर पैदल मार्च कर रहे हैं।
मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, NCP सांसद सुप्रिया सुले और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हैं।
मार्च के दौरान विपक्षी सांसदों ने ‘सेव डेमोक्रेसी’ का बैनर लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी के हाथ में ‘ज्ञानेश, इट्स डन ब्रो’ लिखा पोस्टर भी नजर आया।
प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए आकाशवाणी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। बैरिकेड लगाए जाने के बाद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया।
INDIA ब्लॉक के इस मार्च में कांग्रेस के अलावा कई प्रमुख राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दल हिस्सा ले रहे हैं। इनमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP-शरद चंद्र पवार, शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं।
वामपंथी दलों में CPM, CPI, CPI-ML, RSP और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की पार्टियों में नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी मार्च का हिस्सा हैं।
इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस-एम, केरल कांग्रेस-जे, MDMK और VCK भी प्रदर्शन में शामिल हैं।
विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन से आम आदमी पार्टी ने दूरी बना ली है। AAP का कहना है कि वह SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई खुद लड़ रही है और इसलिए INDIA गठबंधन के इस मार्च में शामिल नहीं होगी। AAP के अलावा तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK भी मार्च से दूर है।
यह पहली बार नहीं है जब INDIA गठबंधन के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला है। इससे पहले 11 अगस्त 2025 को भी विपक्षी सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च कर चुके हैं।
इस बार विपक्षी दलों ने अपने प्रदर्शन को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ नाम दिया है। उनका मुख्य फोकस SIR प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर है।
विपक्षी मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निर्वाचन सदन और उसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। RAF के जवानों को भी तैनात किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने मार्च के मद्देनजर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक-नई दिल्ली मुख्य डाकघर, विंडसर प्लेस-नई दिल्ली मुख्य डाकघर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
सुरक्षा के लिए संसद भवन, पार्लियामेंट स्ट्रीट गोलचक्कर और निर्वाचन सदन समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। इनमें पुरुषों की 27 कंपनियां और महिलाओं की 4 कंपनियां शामिल हैं।