

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Intriguing plot of Rajkumar Hirani’s debut OTT series ‘Pritam and Pedro’ revealed.
मुंबई। भारतीय सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी जल्द ही अपनी पहली वेब सीरीज़ ‘प्रीतम और पेड्रो’ लेकर आ रहे हैं। कॉमेडी, साइबर क्राइम, मिस्ट्री और ड्रामा से भरपूर इस सीरीज़ के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। खास बात यह है कि इस शो के जरिए हिरानी के बेटे वीर हिरानी भी अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
सीरीज़ के ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में राजकुमार हिरानी ने खुलासा किया कि ‘प्रीतम और पेड्रो’ का विचार उन्हें कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान मिला था। उन्होंने बताया कि उस समय मुंबई साइबर सेल के प्रमुख ने उनसे साइबर क्राइम पर आधारित फिल्म बनाने के लिए संपर्क किया था।
हिरानी ने कहा कि साइबर अपराध जैसे गंभीर विषय पर कोई काम नहीं कर रहा था, इसलिए उन्होंने इस विषय को समझने और उस पर रिसर्च शुरू करने का फैसला किया।

राजकुमार हिरानी ने बताया कि इसी दौरान उनकी मुलाकात लेखक अमित दुबे से हुई। अमित ने उन्हें अपनी छोटी कहानियों की एक किताब दी, जिसमें कई ऐसे रोचक विचार थे जिन पर लघु फिल्में बनाई जा सकती थीं।
उन्होंने कहा कि उन कहानियों को पढ़ते समय उन्हें लगा कि उनमें मौजूद एक विचार को बड़े स्तर की कहानी में विकसित किया जा सकता है। हालांकि बाद में उन्होंने उन कहानियों से अलग हटकर एक नई और मौलिक कहानी तैयार करने का निर्णय लिया।
हिरानी के अनुसार, कुछ समय बाद हुई एक ज़ूम मीटिंग में उन्होंने अपनी टीम को बताया कि वे किताब की किसी कहानी को सीधे अपनाने के बजाय एक बिल्कुल नई कहानी बनाना चाहते हैं। इसी विचार ने आगे चलकर ‘प्रीतम और पेड्रो’ का रूप लिया।

उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी शैली में कहानी गढ़ने की पूरी स्वतंत्रता मिली और यहीं से इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई।
‘प्रीतम और पेड्रो’ में अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह जैसे लोकप्रिय कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। शो में हास्य, रहस्य और साइबर अपराध की दुनिया का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा।
अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ का निर्माण और क्रिएशन राजकुमार हिरानी ने किया है। यह उनके करियर की पहली ओटीटी सीरीज़ है। ‘प्रीतम और पेड्रो’ 3 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।