

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Luv Ranjan spotted with the six lead stars of ‘Pehla Pyaar Doosri Baar’; excitement for the film mounts.
मुंबई। लव फिल्म्स की अपकमिंग यूथ एंटरटेनर फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसकी सबसे खास बात इसकी फ्रेश स्टारकास्ट है। डेब्यूटेंट डायरेक्टर अनुज सैनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में छह नए चेहरे स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा अपनी एक्टिंग पारी शुरू करने जा रहे हैं।
हाल ही में एक सक्सेस पार्टी के दौरान लव रंजन अपनी अपकमिंग फिल्म की पूरी लीड स्टारकास्ट के साथ नजर आए। बॉलीवुड के कई सितारों से सजी इस पार्टी में लव रंजन ने जब अपनी फिल्म के छह नए कलाकारों के साथ एंट्री की, तो सभी का ध्यान उनकी ओर खिंच गया। खास बात यह रही कि यह इन सभी छह कलाकारों की पहली पब्लिक अपीयरेंस थी। साथ में नजर आई इस नई स्टारकास्ट की झलक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
‘पहला प्यार दूसरी बार’ एक रॉम-कॉम यूथ एंटरटेनर है, जिसमें दर्शकों को बिल्कुल नए चेहरों के साथ फ्रेश कहानी देखने को मिलेगी। फिल्म का ट्रेलर और कुछ गाने पहले ही रिलीज किए जा चुके हैं। इनके सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म और इसकी स्टारकास्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब छह लीड एक्टर्स के एक साथ सामने आने के बाद फिल्म को लेकर बज और मजबूत होता नजर आ रहा है।
लव रंजन के लिए नए कलाकारों को लॉन्च करना कोई नया अनुभव नहीं है। इससे पहले वह ‘प्यार का पंचनामा’ के जरिए नए चेहरों को दर्शकों के सामने ला चुके हैं। ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के छह नए कलाकारों को लेकर उन्होंने कहा कि नए कलाकारों को इंट्रोड्यूस करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन यही वह चुनौती है जिसका उन्हें इंतजार रहता है। उनके मुताबिक, एक राइटर के तौर पर छह नए चेहरों के लिए एक अलग दुनिया तैयार करना और उन्हें उसमें अपनी लय तलाशते देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
लव फिल्म्स द्वारा प्रेजेंट ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है। फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह यूथ एंटरटेनर 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।