

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major road accident in the UAE: 13 people died in a collision between a bus and a truck; Indian nationals among the victims.
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी बस और सड़क किनारे खड़े ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। हालांकि, हादसे में कितने भारतीयों की जान गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार तड़के अल वतन रोड पर हुआ। बस में कुल 41 यात्री सवार थे। इसी दौरान बस सड़क किनारे तकनीकी खराबी के कारण खड़े एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद शुरुआती जानकारी में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। हादसे में घायल 14 लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए पुष्टि की कि हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। साथ ही, मृत भारतीय नागरिकों के परिजनों से संपर्क किया गया है। दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।
हादसे के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सहायता चाहने वाले लोगों के लिए 24 घंटे की टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी की है। जरूरतमंद लोग 800-46342 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने बताया कि घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं और प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता पहुंचाई जा रही है।
गौरतलब है कि UAE में इससे पहले भी एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। फुजैराह में कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे में जान गंवाने वालों में चार भारतीय नागरिक भी शामिल थे। लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं ने UAE में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।