

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Minister Khushwant's brother Dhal Das joins Congress.
छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक परिवार को लेकर नया सियासी घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा सरकार के कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब के बड़े भाई और सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु बालदास के बेटे ढाल दास कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। राजधानी में आयोजित तीजा-पोरा कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है तो वह मुंगेली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहेंगे। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा, कि पार्टी उन्हें जिस सीट से चुनाव मैदान में उतारेगी, वह वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। ढाल दास ने बताया कि कांग्रेस में शामिल होने से पहले उन्होंने अपने पिता गुरु बालदास और भाई खुशवंत साहेब से चर्चा की थी। उनके मुताबिक, दोनों ने कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अपनी सहमति दी थी।
मंत्री खुशवंत साहेब ने ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा तोड़ने की राजनीति करती है। कांग्रेस धर्म, समाज और परिवार को बांटने की कितनी भी कोशिश कर ले, वह सफल नहीं होगी।
ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सामाजिक और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवार से आने वाले ढाल दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता भी जानती है, कि भाजपा क्या कर रही है।
आपको बता दें, कि सतनामी समाज के प्रमुख धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब का परिवार बाबा गुरु घासीदास की वंश परंपरा से जुड़ा हुआ है। गुरु बालदास के चार बेटे ढाल दास, सोमेश दास, खुशवंत दास और सौरभ दास हैं। उनकी एक बेटी भी है। ढाल दास उनके सबसे बड़े बेटे हैं।