

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Online betting network busted in Khairagarh; four arrested, including the mastermind.
खैरागढ़। छुईखदान पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित राहुल देवांगन सहित दीपक निर्मलकर, राहुल जंघेल और विजय कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपित किराये पर लिए गए बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन कर रहे थे।
पुलिस को कार्रवाई की शुरुआत गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर हुई। जांच के दौरान छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक में दीपक निर्मलकर के खाते में करीब 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ। पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता राहुल देवांगन को 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था।
पूछताछ में राहुल जंघेल ने खुलासा किया कि किराये पर लिए गए बैंक खातों का उपयोग मुंबई के पलावा सिटी से संचालित ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड नेटवर्क में किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपित राहुल देवांगन गिरोह से जुड़े लोगों को करीब 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देता था।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और करीब 10.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त सामग्री की जांच के आधार पर पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
चारों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच करते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।