

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

PM Modi conveys a message to new Rajya Sabha MPs; emphasizes building a strong dialogue with the youth.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर राज्यसभा के नव निर्वाचित और नव मनोनीत सांसदों से मुलाकात कर उन्हें प्रभावी जनप्रतिनिधि बनने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक के दौरान उन्होंने सांसदों से विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की, ताकि उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों से संसद की कार्यप्रणाली को गंभीरता से समझने और सदन में होने वाली चर्चाओं पर लगातार नजर रखने का आग्रह किया। उन्होंने पक्ष और विपक्ष दोनों के विचारों को ध्यानपूर्वक सुनने की सीख देते हुए संसदीय पुस्तकालय, शोध संसाधनों और संसद परिसर में स्थापित प्रेरक व्यक्तित्वों की प्रतिमाओं से भी सीख लेने की बात कही।
इस संवाद कार्यक्रम में राज्यसभा के 37 नए और नव निर्वाचित सदस्य शामिल हुए। इनमें विभिन्न दलों से हाल ही में राज्यसभा पहुंचे सांसद भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने कई सांसदों को नाम लेकर संबोधित किया, जिससे कई सदस्य आश्चर्यचकित नजर आए।
प्रधानमंत्री ने सांसदों से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, नियमित योग करने और समय का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि सीमित समय में भी अनुशासित दिनचर्या अपनाकर कार्यक्षमता बढ़ाई जा सकती है। साथ ही वर्तमान में पूरी एकाग्रता के साथ काम करने की आदत विकसित करने की सलाह भी दी।
चर्चा के दौरान समय प्रबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यात्रा के समय को भी उपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जहां भी जाना होता है, वहां के अनुसार पहले से तैयारी करने और उसी के अनुरूप कार्य तय करने से समय का प्रभावी उपयोग संभव होता है।
प्रधानमंत्री ने सांसदों को सार्वजनिक जीवन में संतुलित व्यवहार अपनाने, संयमित भाषा का प्रयोग करने और सोशल मीडिया सहित सभी मंचों पर जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने की सलाह दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से निरंतर जनता के बीच रहने और संवाद के माध्यम से विश्वास मजबूत करने पर विशेष बल दिया।