

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police crack theft case ahead of festive shopping; gang targeting children and women in crowds apprehended.
रायपुर। रक्षाबंधन से पहले पुलिस ने बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और बच्चों के गले से सोने के आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मामला गोलबाजार का है, जहां रविवार को खरीदारी के दौरान वंशिका मानिकपुरी के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी हो गया था।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती और उनके गले के पास हाथ ले जाती दिखाई दीं। हुलिए के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नंदनी राजपूत और सानिया मरकाम के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में महिलाओं और छोटे बच्चों के गले से लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करने की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।पुलिस ने अब तक दोनों से जुड़ी सात चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ जारी है।
आरोपित महिलाओं के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नकद, एक एक्टिवा और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बच्चे से चोरी हुआ लॉकेट भी बरामद सामान में शामिल है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं बाजार, मेले और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों को निशाना बनाती थीं। नंदनी अक्सर बच्चों के साथ सामान्य ग्राहक की तरह बाजार पहुंचती थी, जिससे लोगों को उस पर शक नहीं होता था।आरोप के मुताबिक, भीड़ का फायदा उठाकर वह बच्चों या महिलाओं के गले से लॉकेट और चेन निकालती थी। इसके बाद वह चोरी का सामान अपनी साथी सानिया को सौंप देती थी, जो कुछ दूरी पर खड़ी रहती थी और सामान लेकर वहां से निकल जाती थी।बच्चों के साथ मौजूद होने के कारण नंदनी का व्यवहार आसपास के लोगों को सामान्य लगता था। इसी तरीके से दोनों ने कथित तौर पर कई वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस जांच के अनुसार नंदनी का पति मोहन राजपूत गुढियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और नारकोटिक एक्ट से जुड़े मामले में सजा काट रहा है। पुलिस का कहना है कि पति के जेल जाने के बाद नंदनी चोरी की घटनाओं में शामिल हुई।जांच में यह भी सामने आया कि बाद में उसने सानिया को अपने साथ जोड़ लिया और दोनों मिलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी करने लगीं।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर छोटे बच्चों को भीड़ में अकेला न छोड़ने और उनके गले में महंगे आभूषण न पहनाने की सलाह दी गई है।खरीदारी के दौरान पर्स, मोबाइल और गहनों पर नजर रखना जरूरी है। भीड़ में कोई व्यक्ति बार-बार पास आए या अचानक धक्का लगे तो तुरंत अपने सामान की जांच कर लें। सोने की चेन या लॉकेट पहनने वाले लोग उन्हें कपड़ों के भीतर सुरक्षित रखने की कोशिश करें।त्योहारी भीड़ में इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ने के कारण सतर्कता ही सबसे प्रभावी बचाव है।