

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

RPI expands in Chhattisgarh; indications of an alliance with BJP for 4-5 seats.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। केंद्रीय मंत्री और RPI प्रमुख रामदास अठावले ने कहा कि पार्टी प्रदेश में सभी समाजों को साथ लेकर संगठन का विस्तार करेगी। उन्होंने संकेत दिया कि यदि RPI छत्तीसगढ़ में मजबूत स्थिति में पहुंचती है, तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ 4 से 5 सीटों पर गठबंधन को लेकर विचार किया जा सकता है।
रामदास अठावले ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि RPI का मुख्य फोकस छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर आगे बढ़ने की रणनीति पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में संगठन का विस्तार किया जाएगा और इसके बाद चुनावी परिस्थितियों के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अठावले ने BJP के साथ अपने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि RPI प्रदेश में मजबूत होती है, तो भाजपा के साथ सीटों को लेकर बातचीत की संभावना बन सकती है। उन्होंने 4 से 5 सीटों पर गठबंधन की संभावना के संकेत दिए हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल गठबंधन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। पार्टी की प्राथमिकता पहले छत्तीसगढ़ में अपना संगठन खड़ा करना और उसे मजबूत करना है।
RPI प्रमुख ने कहा कि पिछले चुनाव के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ छत्तीसगढ़ में चुनावी कैंपेन कर चुके हैं। उन्होंने BJP के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की ताकत बढ़ने के बाद गठबंधन के मुद्दे पर परिस्थितियों के अनुसार विचार किया जाएगा।
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में रामदास अठावले ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष का काम अच्छा कर रहे हैं और उन्हें विपक्ष का नेता ही रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन राहुल गांधी को झूठ नहीं बोलना चाहिए।
अठावले ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना को मुश्किल बताते हुए कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीत का भरोसा है।