

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur's 'Chawal Wale Baba' booked in new case for swindling ₹35 lakh from a doctor by promising to bring his brother back to life.
रायपुर। छोटे भाई की संदिग्ध मौत का रहस्य जानने की उम्मीद लेकर रायपुर पहुंचे ग्रेटर नोएडा के डॉक्टर ऋषभ चौबे कथित तांत्रिक और 'चावल वाले बाबा' के नाम से चर्चित आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के जाल में फंस गए। डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि बाबा ने तंत्र-मंत्र, प्रेत बाधा और विशेष अनुष्ठान के नाम पर उनसे करीब 35 लाख रुपये ठग लिए। खम्हारडीह थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, डॉक्टर ऋषभ चौबे के छोटे भाई दिव्यदेव चौबे की अगस्त 2024 में इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद डॉक्टर अपने पिता उदय चौबे के साथ 6 अक्टूबर 2024 को रायपुर पहुंचे, जहां परिचितों के जरिए उनकी मुलाकात सिलयारी निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई।पहली ही मुलाकात में बाबा ने दावा किया कि वह एक मुट्ठी चावल और घटनास्थल की मिट्टी देखकर मौत का पूरा रहस्य बता सकता है। इसके लिए उसने 51 हजार रुपये लिए और इंदौर से घटनास्थल की मिट्टी मंगवाई।
शिकायत के मुताबिक, बाबा लगातार रायपुर, नोएडा, इंदौर, जयपुर और वृंदावन बुलाकर अलग-अलग पूजा और अनुष्ठान कराने की बात करता रहा। हर बार नई तारीख और नई साधना का हवाला देकर पैसे लिए जाते रहे। इस दौरान करीब 30 से अधिक हवाई यात्राएं, होटल खर्च और पूजा-पाठ के नाम पर डॉक्टर से लगभग 10 लाख रुपये खर्च कराए गए। हर मुलाकात में 51-51 हजार रुपये अलग से लिए गए।
डॉक्टर का आरोप है कि मई 2025 में बाबा नोएडा पहुंचा और दावा किया कि विशेष साधना से उनके भाई को वापस लाया जा सकता है। इसके लिए उसने शर्त रखी कि पूजा तभी सफल होगी, जब उसके लिए नई महिंद्रा XUV700 खरीदी जाए।
बाबा के दबाव में आकर रायपुर के टाटीबंध स्थित शोरूम से करीब 25.10 लाख रुपये की SUV बुक कराई गई। शिकायत के अनुसार बैंक ट्रांसफर और नकद मिलाकर पूरी राशि जमा कराई गई।
वाहन मिलने के बाद बाबा ने 24 जून 2025 को इंदौर में विशेष पूजा का कार्यक्रम तय किया और पूरे परिवार को वहां बुलाया। परिवार तय समय पर पहुंचा, लेकिन बाबा खुद नहीं आया। उसका मोबाइल भी बंद मिला। बाद में दूसरे नंबर से संपर्क कर उसने फिर वृंदावन आने का दबाव बनाया। तभी परिवार को ठगी का एहसास हुआ।
शिकायत में कहा गया है कि बाबा लगातार परिवार को प्रेत बाधा, अनिष्ट और कारोबार खत्म होने का डर दिखाता रहा। उसने यह भी दावा किया कि बिजनेस पार्टनर तीन करोड़ रुपये हड़प लेगा और समय रहते पूजा नहीं हुई तो बड़ा नुकसान होगा। डॉक्टर का कहना है कि इन बातों के कारण उनके कारोबारी संबंध भी प्रभावित हुए और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
नरेंद्र नयन शास्त्री फिलहाल महासमुंद के एक दुष्कर्म मामले में जेल में बंद है। महासमुंद के बाद अब रायपुर में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। खम्हारडीह पुलिस ने बताया कि आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार करने के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नरेंद्र नयन शास्त्री चावल और लाल फूल देखकर भविष्य बताने, सत्ता परिवर्तन की भविष्यवाणी करने और लोगों की समस्याओं का तंत्र-मंत्र से समाधान करने का दावा करता था। अब उसके खिलाफ ठगी और अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।