

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: Rajkumar Hirani's son Vir Hirani's OTT debut; a new journey begins with 'Pritam & Pedro'.
मुंबई। निर्देशक राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी जल्द ही प्रीतम एंड पेड्रो के जरिए ओटीटी की दुनिया में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। फादर्स डे के खास मौके पर वीर ने सोशल मीडिया पर सेट से कुछ बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो साझा किए, जिनमें उनके पिता उन्हें डायरेक्ट करते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा, “मेरे जन्म और मेरे रोजगार के जिम्मेदार व्यक्ति। हैप्पी फादर्स डे।”
हाल ही में रिलीज हुए ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेलर में हास्य, साइबर क्राइम और रहस्य का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिलता है। सीरीज में वीर हिरानी एक नए और अलग अंदाज में नजर आएंगे, जिससे उनके अभिनय को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
इस सीरीज में वीर हिरानी के साथ अरशद वारसी, विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में सभी किरदारों का परिचय मनोरंजक अंदाज में कराया गया है, जिसने दर्शकों के बीच सीरीज को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है।
वीर हिरानी और अरशद वारसी की यह पहली ऑनस्क्रीन मुलाकात नहीं है। इससे पहले सुपरहिट फिल्म मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस. में वीर ने अरशद वारसी के बेटे का किरदार निभाया था। अब दोनों एक बार फिर ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में साथ दिखाई देंगे।
वीर हिरानी ने लंदन स्थित प्रतिष्ठित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट (RADA) से अभिनय की शिक्षा प्राप्त की है। कम उम्र से ही उन्हें कहानी कहने और फिल्म निर्माण में रुचि रही है। महज 14 वर्ष की आयु में उन्होंने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म ‘रिटर्न गिफ्ट’ का निर्देशन किया, जिसे इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में प्रदर्शित किया गया था।
उनकी शॉर्ट फिल्म ‘द ऑबिच्युरी’ को भी ऑनलाइन काफी सराहना मिली। इसके अलावा उन्होंने निर्देशक फिरोज अब्बास खान के नाटक ‘लेटर ऑफ सुरेश’ में अभिनय कर थिएटर की दुनिया में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ 3 जुलाई को रिलीज होने वाली है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन और दमदार कलाकारों की मौजूदगी के साथ-साथ वीर हिरानी के ओटीटी डेब्यू को लेकर दर्शकों और फिल्म प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि नई पीढ़ी के इस कलाकार का पहला बड़ा ओटीटी प्रोजेक्ट दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।