

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Actor Rajpal Yadav: Several celebrities came forward to help actor Rajpal Yadav, who is facing financial crisis, and Sonu Sood has signed him for his next film.
मुंबई। होम प्रोडक्शन की फिल्म फ्लॉप होने के बाद आर्थिक तंगी और नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव के समर्थन में फिल्म और सियासी जगत की कई हस्तियां सामने आई हैं। अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह और राजनीतिज्ञ तेज प्रताप यादव समेत कई लोगों ने आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सोनू सूद ने फिल्म में किया साइन, साइनिंग अमाउंट से देंगे मदद
अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि वह राजपाल यादव को अपनी अगली फिल्म के लिए साइन कर रहे हैं। सूद ने कहा कि फिल्म की साइनिंग राशि को आर्थिक मदद के रूप में दिया जाएगा, जिसे आगे मेहनताने में समायोजित किया जाएगा। सोनू सूद ने लिखा, “राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं और उन्होंने वर्षों तक इंडस्ट्री को यादगार काम दिया है। कभी-कभी मुश्किल समय आता है, जो जीवन का हिस्सा है। हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए।” उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े निर्माताओं, निर्देशकों और सहयोगियों से भी राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
जैम म्यूजिक प्रोड्यूसर ने दी 1.11 करोड़ की सहायता
जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव को 1 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इंटरनेट मीडिया के जरिए उन्हें अभिनेता की परेशानी के बारे में जानकारी मिली, जिससे वे बेहद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि राजपाल यादव न केवल एक बेहतरीन कलाकार हैं, बल्कि एक अच्छे और सच्चे इंसान भी हैं। ऐसे कठिन समय में उनके और उनके परिवार के साथ खड़ा होना सभी का कर्तव्य है।
तेज प्रताप यादव ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी राजपाल यादव और उनके परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
आर्थिक संकट के बाद बढ़ी मुश्किलें
बताया जा रहा है कि अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म के फ्लॉप होने के बाद राजपाल यादव आर्थिक संकट में आ गए थे। इसी दौरान नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में कानूनी कार्रवाई के चलते उन्हें जेल जाना पड़ा।
फिल्म और सियासी जगत की हस्तियों द्वारा दी जा रही आर्थिक मदद को अभिनेता के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इंडस्ट्री के कई अन्य लोगों के भी आगे आने की उम्मीद जताई जा रही है।