

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Stock market rally continues; Sensex jumps 4,055 points in five days
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 384 अंक की बढ़त के साथ 77,301 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 150 अंक चढ़कर 23,961 के स्तर पर पहुंच गया। बैंकिंग, एफएमसीजी और ऑटो कंपनियों के शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। विदेशी संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद वैश्विक बाजारों का माहौल बेहतर हुआ। इसी बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 9 फीसदी टूट गई और कारोबार के दौरान यह 94 डॉलर प्रति बैरल तक आ गया।
पिछले पांच कारोबारी दिनों में सेंसेक्स कुल 4,055 अंक यानी 5.54 फीसदी चढ़ चुका है। इसी अवधि में निफ्टी में 1,262 अंकों या 5.56 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। 28 सितंबर को सेंसेक्स 73,246 और निफ्टी 22,699 के स्तर पर थे।मोतीलाल ओसवाल के सिद्धार्थ खेमका के अनुसार, आने वाले दिनों में बाजार की चाल पश्चिम एशिया के हालात और ब्रेंट क्रूड की कीमतों से प्रभावित हो सकती है।
त्योहारी मांग के चलते बुधवार को कीमती धातुओं के भाव में तेजी आई। सोना 4,046 रुपये महंगा होकर 1,41,622 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत 9,708 रुपये बढ़कर 1,86,133 रुपये प्रति किलो हो गई।हालांकि, मौजूदा भाव अब भी अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे हैं। सोना अपने सर्वोच्च स्तर से करीब 19 फीसदी और चांदी लगभग 51 फीसदी सस्ती बनी हुई है।
विदेशी निवेश में बढ़ोतरी और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी से रुपये को भी मजबूती मिली। बुधवार को भारतीय मुद्रा लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 29 पैसे सुधरकर 94.46 के स्तर पर पहुंच गया।