

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

The folk artist's heartbeat stopped at the age of 30, the parents were victims of an accident while going to the hospital after hearing the news of the death of their son.
बालोद। छत्तीसगढ़ की लोककला जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। जिले के युवा लोक कलाकार राजू उर्फ प्रेम साहू का अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। इस दुखद घटना के कुछ ही घंटों बाद उनके माता-पिता भी बेटे की खबर सुनकर अस्पताल जाते समय सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। एक ही दिन में परिवार पर आई दोहरी त्रासदी ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।
30 वर्षीय प्रेम साहू मूल रूप से सिकोसा क्षेत्र के ग्राम कोड़ेवा के रहने वाले थे। उनका परिवार लंबे समय से बालोद शहर के बूढ़ापारा स्थित सीतानगर वार्ड में निवास कर रहा था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को वह निजी काम से कांकेर क्षेत्र गए थे। दोपहर करीब दो बजे गुरुर पहुंचने पर उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा और बस स्टैंड के पास एक होटल के समीप वह बेहोश होकर गिर पड़े।मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रेम साहू 'रंग मया परिवार' से जुड़े हुए थे और रिकॉर्ड डांस तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोककला और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही कला और संस्कृति जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रेम साहू के निधन की सूचना मिलने के बाद उनके पिता रूपराम साहू और माता चंद्रकला साहू बाइक से गुरुर के लिए रवाना हुए। इसी दौरान करहीभदर और मुजगहन के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।दुर्घटना में चंद्रकला साहू का पैर टूट गया, जबकि रूपराम साहू के हाथ में गंभीर चोट आई। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
शनिवार सुबह प्रेम साहू का पार्थिव शरीर उनके सीतानगर स्थित निवास लाया गया। अस्पताल में भर्ती घायल माता-पिता भी एंबुलेंस के जरिए बेटे के अंतिम दर्शन के लिए घर पहुंचे। दोनों स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे घर पहुंचे थे।जवान बेटे का अंतिम दर्शन करते ही माता-पिता का दर्द छलक पड़ा। उनके आंसू देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा।
प्रेम साहू के अंतिम संस्कार में कला, संस्कृति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी कला यात्रा और सांस्कृतिक योगदान को याद किया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के वर्षों में युवाओं में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़े हैं। डॉक्टरों का कहना है कि नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, रोजाना व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि सीने में दर्द, घबराहट, सांस फूलना या असामान्य थकान जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि समय पर उपचार कई बार जान बचा सकता है।
बीते कुछ समय में छत्तीसगढ़ में हार्ट अटैक से कई चर्चित लोगों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे मामलों ने युवाओं और मध्यम आयु वर्ग के लोगों में हृदय स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रेम साहू की असामयिक मौत ने एक बार फिर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान खींचा है।