

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Trailer for ‘Chaar Yaar’ released; promises an intense blend of friendship, crime, and action set in 2000s Mumbai.
मुंबई। प्राइम वीडियो ने अपनी आगामी हिंदी ओरिजिनल सीरीज ‘चार यार’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। शुरुआती 2000 के दशक की मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित यह सीरीज चार दोस्तों की कहानी है, जिनकी जिंदगी एक अप्रत्याशित फैसले के बाद अपराध की खतरनाक दुनिया में उलझ जाती है। हाई-स्पीड कार चेज, लूट, गैंगस्टर, जबरदस्त एक्शन और दोस्ती के भावनात्मक पहलुओं से भरपूर यह क्राइम ड्रामा 23 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा।
सीरीज में पूरव झा, नमन जैन, साकिब अयूब और प्रयाग मेहता मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ साई ताम्हणकर, सिकंदर खेर, दिव्येंदु भट्टाचार्य, राजेश तैलंग, चंकी पांडे और भगवती पेरुमल भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।
‘चार यार’ की कहानी जीत, टोनी, साहिल और समीर नाम के चार दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी में अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रहे इन दोस्तों की जिंदगी तब बदल जाती है, जब एक मुश्किल परिस्थिति में लिया गया फैसला उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल देता है।
शुरुआत में सामान्य नजर आने वाला उनका सफर जल्द ही लूट, गैंगस्टर और अंडरवर्ल्ड के खतरनाक खेल में बदल जाता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि चारों दोस्त मुंबई के एक अंडरवर्ल्ड डॉन और उनके पीछे पड़े इंस्पेक्टर सुमित भालेराव के बीच फंस जाते हैं।
जैसे-जैसे उनकी योजनाएं नाकाम होने लगती हैं, उनकी मुश्किलें बढ़ती जाती हैं। अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल है कि क्या दोस्ती और आपसी भरोसे के दम पर वे इस खतरनाक दुनिया से बाहर निकल पाएंगे?
आठ एपिसोड वाली इस सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है। इसकी कहानी संबित मिश्रा और सौरभ सावंत ने लिखी है। सीरीज को पिंक विंडो प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले प्रणति नागरशेठ, नीरज नागरशेठ और पी.एस. श्याम ने प्रोड्यूस किया है। इसे BBC स्टूडियोज इंडिया ने डेवलप किया है।
सीरीज के ट्रेलर में तेज रफ्तार कार चेज, बड़ी लूट की घटनाएं, खतरनाक मुठभेड़ और दोस्तों के बीच मजेदार नोकझोंक की झलक दिखाई गई है। क्राइम और एक्शन के बीच ह्यूमर का मिश्रण इसे एक अलग अंदाज देता है।
सीरीज के क्रिएटर और निर्देशक विनय वैकुल ने कहा कि ‘चार यार’ के जरिए जिंदगी की अनिश्चितता और उसके भीतर छिपे रोमांच को दिखाने की कोशिश की गई है। उन्होंने बताया कि चार दोस्तों की जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा होता है कि वे ऐसी मुसीबत में फंस जाते हैं, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी।
वैकुल के मुताबिक, इस सफर में चारों दोस्तों की अलग-अलग शख्सियत और उनके बीच के मतभेद कहानी को दिलचस्प बनाते हैं। उन्होंने कहा कि दोस्ती का रिश्ता ही उन्हें मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने का रास्ता दिखा सकता है।
सीरीज में जय का किरदार निभाने वाले प्रयाग मेहता ने बताया कि यह भूमिका उनके पिछले किरदारों से काफी अलग है। जय कम बोलने वाला, सोच-समझकर फैसले लेने वाला और हर परिस्थिति के लिए योजना तैयार रखने वाला व्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि जय की समझदारी उसकी सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन यही उसकी कमजोरी भी बन सकती है। अभिनेता के मुताबिक, कहानी में उसका किरदार कई बदलावों से गुजरता है, जिसने इस भूमिका को उनके लिए चुनौतीपूर्ण बना दिया।
टोनी की भूमिका निभा रहे साकिब अयूब ने कहा कि ‘चार यार’ का एक्शन और इसकी ऊर्जा उनके पिछले प्रोजेक्ट्स से अलग है। उन्होंने कार चेज, बड़े एक्शन सीक्वेंस और रातभर चलने वाली शूटिंग को अपने लिए खास अनुभव बताया।
साकिब के अनुसार, टोनी का किरदार निभाना इसलिए भी खास रहा क्योंकि इसमें उन्हें मुंबई के एक आम युवक की जिंदगी और उसके व्यवहार को करीब से समझने का मौका मिला।
साहिल का किरदार निभाने वाले पूरव झा ने ‘चार यार’ को अपने अभिनय करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि इस सीरीज ने उन्हें एक्शन ट्रेनिंग और अभिनय के नए पहलुओं को सीखने का अवसर दिया।
वहीं, समीर की भूमिका निभा रहे नमन जैन ने बताया कि उनका किरदार मुश्किल हालात में भी हंसी तलाशने की कोशिश करता है। कहानी आगे बढ़ने के साथ उसके व्यक्तित्व के कई नए पहलू सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि चारों कलाकारों के बीच सेट पर बनी स्वाभाविक दोस्ती ने उनके अनुभव को और बेहतर बनाया।
‘चार यार’ का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज हिंदी में भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध होगी।
दोस्ती, महत्वाकांक्षा और अपराध की दुनिया के बीच संतुलन बनाती यह सीरीज दर्शकों को एक ऐसे रोमांचक सफर पर ले जाने का वादा करती है, जहां हर फैसला चारों दोस्तों की जिंदगी बदल सकता है। अब देखना होगा कि इन चार यारों की कहानी दर्शकों के बीच कितना असर छोड़ती है।