

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Two youths from Chhattisgarh stranded in Russia; families appeal for their safe return
रायपुर। नौकरी की तलाश में रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवक अब वहां फंसे होने और प्रताड़ना झेलने का दावा कर रहे हैं। इनमें रायपुर के टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे (21) शामिल हैं। दोनों के परिवारों का आरोप है कि युवकों को ड्रग्स के झूठे मामले में फंसाकर हिरासत में रखा गया है। उन्हें 15 से 20 साल जेल में रहने या रूसी सेना में शामिल होने का विकल्प दिया जा रहा है।विनीत की बहन आशी दुबे ने आरोप लगाया है कि उन्हें खाने में गाय और सूअर का मांस दिया जा रहा है। भोजन में थूकने जैसी हरकतें भी की जाती हैं, ताकि वे खाना न खा सकें। विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार और प्रताड़ना की जाती है। दूसरी ओर, रूस में फंसे विनीत ने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद मांगी है। उसने नौकरी के नाम पर भारतीयों को रूस बुलाने, बंदूक दिखाकर धमकाने और सेना में भर्ती होने का दबाव बनाने की बात कही है।
बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे 1 अक्टूबर को नौकरी की तलाश में रूस गए थे। उनकी बहन आशी के मुताबिक, उन्हें टेलीग्राम के जरिए नौकरी का प्रस्ताव मिला था। बताया गया था कि रूस में एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करना होगा। टिकट और वीजा की व्यवस्था भी ऑफर देने वालों ने की थी।रूस पहुंचने के बाद विनीत ने परिवार को इसकी जानकारी दी। कुछ दिन बाद उन्होंने बहन से कहा कि वे भारत लौटना चाहते हैं और इसके लिए पैसों की जरूरत पड़ सकती है। आशी ने 70 से 75 हजार रुपये भेजने की बात कही, लेकिन विनीत ने जरूरत पड़ने पर बताने की बात कहकर फिलहाल पैसे लेने से मना कर दिया। इसके बाद परिवार का उनसे संपर्क टूट गया।
आशी का आरोप है कि बाद में एक युवक ने परिवार से संपर्क कर बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव झेलना पड़ रहा है।परिवार को एक अज्ञात नंबर से फोन कर वकील की व्यवस्था के नाम पर 7 लाख रुपये मांगे गए। परिजनों ने रकम नही दी। इसके बाद 27 अक्टूबर को पिता को फोन कर बताया गया कि विनीत ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर उनके पिता को हार्ट अटैक आ गया।हालांकि, कुछ समय बाद विनीत ने खुद अपनी बहन से संपर्क किया और आत्महत्या की खबर को गलत बताया। परिवार का कहना है कि विनीत ने वीडियो के जरिए वहां की स्थिति और अपनी परेशानी साझा की है।
विनीत ने वीडियो में आरोप लगाया है कि नौकरी का प्रस्ताव देकर भारतीयों को रूस बुलाया जाता है। एयरपोर्ट के पास कुछ लोग उन्हें लेने पहुंचते हैं और इसके बाद काम के बारे में बताया जाता है। काम करने से मना करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी जाती है।उसका दावा है कि कई भारतीयों को ड्रग्स के मामलों में फंसाकर रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वीडियो में विनीत ने यह भी कहा है कि इस तरह की परेशानी सिर्फ भारतीयों को ही नही, बल्कि दूसरे देशों से आए नागरिकों को भी झेलनी पड़ रही है। इनमें नौकरी के लिए गए लोगों के अलावा विद्यार्थी और पर्यटक भी शामिल हैं।विनीत ने भारत सरकार से रूस में फंसे सभी लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।
रायपुर के गुढ़ियारी स्थित श्रीनगर निवासी टिकेश्वर साहू (38) भी इसी तरह के मामले में रूस में फंसे हैं। उनकी पत्नी मनोरमा साहू के मुताबिक, टिकेश्वर को सेल्स और मार्केटिंग के क्षेत्र में 17 साल का अनुभव है। करीब 10 साल पहले वे दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं।इस बार उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला। पैकेज अच्छा बताया गया था। कंपनी की ओर से दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक का टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही गई थी।टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस रवाना हुए। उन्होंने परिवार को बताया था कि पहले इंटरव्यू देकर काम समझेंगे। नौकरी पसंद आई तो रुकेंगे, अन्यथा 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे।
कुछ समय बाद टिकेश्वर का परिवार से संपर्क बंद हो गया। शुरुआत में परिजनों को लगा कि नेटवर्क या काम की व्यस्तता के कारण बात नही हो पा रही होगी। लेकिन 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से फोन आया। मनोरमा के मुताबिक, फोन पर टिकेश्वर थे। उनका चेहरा सूजा हुआ था और वे रो रहे थे। पीछे कुछ अन्य लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।टिकेश्वर ने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के मामले में फंसा दिया है। उन्हें 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है।इसके बाद मनोरमा ने रूस में पढ़ने वाले कुछ विद्यार्थियों से संपर्क किया और वकील की मदद ली। उनके जरिए पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राद में हिरासत में रखा गया है। पत्नी का आरोप है कि वकील जब उनसे मिलने पहुंचती थीं तो कभी उनके वहां मौजूद नही होने और कभी दूसरी वजह बताकर मुलाकात नही कराई जाती थी।
मनोरमा के अनुसार, 25 अक्टूबर को वकील के जरिए टिकेश्वर से मुलाकात हो सकी। इस दौरान उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है। पत्नी का आरोप है कि हिरासत के दौरान उन्हें नियमित दवाएं भी नही दी जा रही हैं।
मनोरमा का कहना है कि उनकी वकील ने रूसी अधिकारियों से टिकेश्वर की गिरफ्तारी की जगह, परिस्थितियों और उनके पास से बरामद सामान की जानकारी मांगी थी। गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेज और एयरपोर्ट के CCTV फुटेज भी मांगे गए, लेकिन परिवार के मुताबिक ये उपलब्ध नही कराए गए।पत्नी का आरोप है कि ड्रग्स केस में सजा की धमकी देकर टिकेश्वर को रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव डाला जा रहा है।
दोनों युवकों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं। इसके बावजूद परिवारों को युवकों की सुरक्षा और उनकी भारत वापसी को लेकर अब तक कोई ठोस जानकारी नही मिली है।मनोरमा साहू ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं और परिवार में बुजुर्ग सास-ससुर भी हैं। वहीं, आशी दुबे के परिवार में भी पिता की तबीयत खराब रहती है।दोनों परिवारों की मांग है कि विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के माध्यम से रूस में फंसे युवकों का पता लगाया जाए। उन्हें जरूरी कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा जल्द से जल्द भारत वापस लाने की व्यवस्था की जाए।