

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

UCC News: Amit Shah's major announcement—UCC to be implemented in 21 states before the 2029 Lok Sabha elections.
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता यानी Uniform Civil Code (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले BJP-NDA शासित 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू कर दी जाएगी। शाह ने यह बात मुंबई में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।
अमित शाह ने कहा कि देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में NDA के नेतृत्व वाली सभी राज्य सरकारों में UCC को लागू किया जाए।
शाह ने कहा कि BJP-NDA शासित 21 राज्यों में 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले UCC लागू करने का भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा कि अलग-अलग राज्यों में इसे लागू करने की प्रक्रिया और इसके प्रावधान स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अलग हो सकते हैं।
गृह मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड, गुजरात और असम में समान नागरिक संहिता को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। उत्तराखंड में UCC लागू किया जा चुका है, जबकि गुजरात और असम में भी इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश में UCC का मसौदा तैयार करने के लिए समिति का गठन किया गया है। सरकार की कोशिश है कि आने वाले समय में अन्य NDA शासित राज्यों में भी इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़े।
समान नागरिक संहिता का उद्देश्य अलग-अलग धर्मों के लिए लागू व्यक्तिगत कानूनों की जगह विवाह, तलाक, विरासत और गोद लेने जैसे नागरिक मामलों में समान नियम लागू करना है।
हालांकि, UCC के प्रावधान और इसे लागू करने की प्रक्रिया राज्यों के स्तर पर अलग-अलग हो सकती है। केंद्र सरकार लंबे समय से देश में समान नागरिक कानून की दिशा में काम करने की बात कहती रही है।
अमित शाह ने तीन तलाक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन तलाक को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शाह ने कहा कि कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू हो चुका है और उन्हें विश्वास है कि 2029 से पहले BJP-NDA शासित 21 राज्यों में इसे लागू कर दिया जाएगा।
UCC के अलावा अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 30 दिवसीय राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करने का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान में NDA गठबंधन के साथ स्वयंसेवी संगठन भी शामिल होंगे।
अमित शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए NDA गठबंधन और स्वयंसेवी संगठन देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।