

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Upon reaching Jhiram, Vijay Sharma paid tribute to the martyrs.
रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बस्तर जिले के झीरम घाटी पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों की स्मृति में पौधारोपण कर उनके बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झीरम के शहीदों की स्मृति में बने स्मारक को जल्द ही स्मरणीय स्वरूप दिया जाएगा, जिसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल, महापौर जगदलपुर संजय पांडे, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
झीरम की घटना छत्तीसगढ़ के लिए भयंकर विभीषिका
विजय शर्मा ने कहा कि झीरम की घटना छत्तीसगढ़ के लिए एक भयंकर विभीषिका थी। इस घटना में प्रदेश ने अपने वरिष्ठ और कुशल नेतृत्वकर्ताओं को खोया। विद्याचरण शुक्ल, पूर्व मंत्री नंदकुमार पटेल, नेता प्रतिपक्ष रहे महेंद्र कर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सुरक्षा जवानों और नागरिकों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने कहा कि झीरम के शहीदों को यह बताने आए हैं कि जिस ताकत ने वर्षों तक बस्तर को भय और हिंसा के साये में रखा, संविधान और लोकतंत्र की पहुंच को सुदूर अंचलों तक पहुंचने से रोका तथा विकास की गति को अवरुद्ध किया, उस ताकत को जड़ से उखाड़ फेंका गया है।
बस्तर अब खुली और आजाद हवा में सांस ले रहा
विजय शर्मा ने कहा कि आज बस्तर फिर से खुली और आजाद हवा में सांस ले रहा है। तीन दिन की बस्तर तिरंगा यात्रा में पांच जिलों में करीब 600 किलोमीटर की यात्रा कर शांति का संदेश दिया गया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नक्सलियों के आखिरी गढ़ रहे कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तिरंगा फहराकर पूरे देश को संदेश दिया गया कि अब भारत का संविधान देश के हर कोने में लागू होगा।


उन्होंने कहा कि कोई भी ताकत बंदूक के बल पर इस धरती को मासूमों के रक्त से रक्तरंजित नहीं कर सकेगी। झीरम के शहीदों का सपना ऐसा बस्तर था, जहां लोकतंत्र, शांति, विकास और विश्वास की जीत हो। आज बस्तर उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शहीदों के परिजनों से मिले विजय शर्मा
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सभी शहीदों के सम्मान में स्मारक निर्माण का कार्य किया जा रहा है। शहीदों के परिजनों ने झीरम की पवित्र मिट्टी पुलिस अधीक्षक को संग्रहित करने के लिए प्रदान की।
‘बस्तर को गोलियों से नहीं, हौसले और विश्वास से जीता’
विजय शर्मा ने कहा कि अब बस्तर को रोकने वाला कोई नहीं है। बस्तर के युवाओं को जबरन हिंसा के रास्ते पर ले जाने वाली ताकतें कमजोर हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर को केवल गोलियों से नहीं, बल्कि हौसले, विश्वास और विकास के संकल्प से जीता गया है।
उन्होंने बताया कि भटके हुए युवाओं को हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसका परिणाम है कि 3 हजार से अधिक लोगों ने पुनर्वास का रास्ता चुनकर हिंसा का त्याग किया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव बस्तर में शांति और विश्वास की नई सुबह का संकेत है।
विजय शर्मा ने कहा कि झीरम की घटना में प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व खोया गया, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस घटना में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल नक्सलियों को कुछ लोग अपना रोल मॉडल मानते हैं।