

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ankit balian murder case shamli police encounter two accused killed
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सोमवार तड़के शामली के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में अंकित बालियान की हत्या के दो संदिग्ध आरोपी सुमित और मोहित मारे गए। इस दौरान पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं। दोनों संदिग्धों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अंकित की हत्या के बाद आरोपियों की तलाश के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग और नाकेबंदी की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस के सामने आए और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों बदमाश घायल हुए।
हत्या के बाद रातभर चली पुलिस की नाकेबंदी
शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंकित बालियान की हत्या के बाद मामले के खुलासे के लिए SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, सभी थाना प्रभारियों, ASP, CO सिटी और CO कैराना को जांच में लगाया गया था।
एसपी ने जिले में रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक विशेष नाकेबंदी के निर्देश दिए थे। इसका उद्देश्य जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन चेकिंग करना था, ताकि हत्याकांड से जुड़े संदिग्ध जिले से बाहर न निकल सकें।
सुबह 4 बजे पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4 बजे हिजाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना अपनी टीम के साथ थाने के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करनाल की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। गोली पुलिस की गाड़ी में जा लगी, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
इसके बाद हिजाना थाना प्रभारी ने वायरलेस सेट के जरिए जिले की अन्य पुलिस टीमों को संदिग्ध बाइक सवारों के बारे में सूचना दी। दोनों आरोपी बाइक से तेजी से भागे और कैराना की तरफ निकल गए।
मन्ना मादरा पुल के नीचे फिर हुई फायरिंग
पुलिस को मिली सूचना के बाद कैराना और सदर कोतवाली क्षेत्र में भी अलर्ट कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध जब मन्ना मादरा पुल के नीचे पहुंचे तो वहां कोतवाली थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
उन्होंने भी बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि संदिग्धों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में पुलिस वाहन का विंडशील्ड टूट गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को रुकने के लिए ललकारा, लेकिन वे वहां से शहर की तरफ भागने लगे।
कई पुलिस टीमों ने घेरा, फिर हुई मुठभेड़
वायरलेस पर अलर्ट मिलने के बाद SWAT टीम, सर्विलांस टीम, संबंधित थाना प्रभारी, CO सिटी, ASP और CO कैराना समेत कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस के मुताबिक, चारों तरफ से घिरता देख संदिग्धों ने अचानक अपनी बाइक को दाईं ओर मोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर ली। इसी दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई और दोनों संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों अंकित बालियान हत्याकांड में संदिग्ध आरोपी थे।
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
26 अगस्त को जिम के बाहर मारी गई थी गोली
अंकित बालियान की हत्या 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में हुई थी। बताया गया कि अंकित जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी और हमलावरों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गई थीं।
कबड्डी खिलाड़ी से बने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा
अंकित बालियान का सफर सीधे संगीत से नहीं शुरू हुआ था। वह पहले कबड्डी खिलाड़ी रह चुके थे। करीब 2013-14 तक उन्होंने प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेली। दिल्ली, भोपाल समेत कई शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने हिस्सा लिया।
हालांकि पैर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर के बाद उन्हें कबड्डी छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने फिटनेस और जिम पर ध्यान देना शुरू किया। इसी दौरान उनका झुकाव संगीत की तरफ बढ़ा।
करीब 2022 से उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम करना शुरू किया।
सिंगिंग के साथ एक्टिंग और प्रोडक्शन में भी बनाई पहचान
अंकित सिर्फ गायक ही नहीं थे। उन्होंने एक्टिंग, गीत लेखन, कंपोजिंग और म्यूजिक प्रोडक्शन में भी काम किया। उन्होंने मासूम शर्मा समेत कई चर्चित कलाकारों के साथ प्रोजेक्ट किए।
उनके चर्चित गानों में 'एक खटोला जेल के भीतर', 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान', '112 NE', 'जाट जाटनी', 'मोदी बरगा रुतबा', 'गोली के बारूद', 'सिस्टम' और 'अगला जनम जाट' जैसे गाने शामिल बताए जाते हैं।
इनमें से कई गानों को YouTube पर लाखों और करोड़ों व्यूज मिले थे। धीरे-धीरे अंकित ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी।
बॉलीवुड में एंट्री की तैयारी, लेकिन अधूरा रह गया सपना
परिवार के मुताबिक, अंकित बालियान के 20 से ज्यादा नए गानों पर काम चल रहा था। वह अपने करियर को आगे बढ़ाने और बॉलीवुड में एंट्री की तैयारी कर रहे थे।
लेकिन 26 अगस्त की हत्या ने उनके करियर और परिवार के सपनों को अचानक खत्म कर दिया।
अब पुलिस मुठभेड़ में दो संदिग्ध आरोपियों की मौत के बाद हत्याकांड की जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी, वारदात की साजिश किसने रची और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे।
पुलिस की जांच के साथ अब इस हत्याकांड से जुड़े बाकी संभावित आरोपियों और हत्या की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने पर भी फोकस है।