

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

balod iti accident student protest principal suspended
बालोद। जिले के डौंडीलोहारा स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में छात्र के गंभीर रूप से घायल होने के बाद शुक्रवार को छात्रों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में छात्रों ने आईटीआई के सामने बालोद-डौंडीलोहारा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

करीब 40 डिग्री तापमान के बीच छात्र सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और संस्थान प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। छात्रों का आरोप है कि संस्थान में तकनीकी शिक्षा देने के बजाय उनसे निर्माण कार्य और मजदूरी कराई जा रही है।
घटना 23 अप्रैल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फिटर ट्रेड के छात्र टोकेश्वर धनगुन से कथित रूप से नियमों के विरुद्ध मिक्सर मशीन से काम कराया जा रहा था। इसी दौरान मशीन की चपेट में आने से उसके एक हाथ की दो और दूसरे हाथ की तीन उंगलियां कट गईं। गंभीर हालत में छात्र को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया।

छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान परिसर में बाथरूम निर्माण, प्लास्टर और ईंट जोड़ने जैसे कार्य भी छात्रों से कराए जा रहे थे, जबकि यह उनके पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं है। हादसे के बाद छात्रों ने प्राचार्य राजेश कुर्रे के खिलाफ शोषण और लापरवाही का आरोप लगाया।
मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम शिवनाथ बघेल ने जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफी समझाइश के बाद छात्रों ने जाम समाप्त किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है।

इधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई, घायल छात्र के समुचित इलाज, मुआवजा और संस्थान की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।